अंतर महाविद्यालय भारोत्तोलन प्रतियोगिता: धर्मशाला कॉलेज के गौरव खन्ना ने 60 किलोभार वर्ग में जीता स्वर्ण
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में जीसी धर्मशाला के गौरव खन्ना ने प्रथम, जीसी चंबा के साहिल राणा ने द्वितीय और युवराज सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विस्तार
सिद्धार्थ राजकीय महाविद्यालय नादौन में बुधवार को प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष एवं महिला भारोत्तोलन प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में जीसी धर्मशाला के गौरव खन्ना ने प्रथम, जीसी चंबा के साहिल राणा ने द्वितीय और युवराज सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के शुभारंभ पर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।
प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय से संबद्ध करीब 30 महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक एवं एचपीयू के शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. मनोहर लाल ने बताया कि विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले करवाए जाएंगे।
घुमारवीं ने शिमला को हॉकी में 3-0 से हराया
राजकीय महाविद्यालय ऊना के आतिथ्य में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता का बुधवार को इंदिरा स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। नौ अक्तूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में पीजी सेंटर शिमला और एसवीजीसी घुमारवीं के बीच मुकाबला हुआ। घुमारवीं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिमला को 3-0 से मात दी। वहीं, पुरुष वर्ग के एक अन्य मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय सोलन ने राजकीय महाविद्यालय चंबा को 2-0 से हराया। महिला वर्ग में राजकीय महाविद्यालय सोलन ने पीजी सेंटर शिमला को 4-0 से पराजित किया। प्रतियोगिता के दौरान आगामी दिनों में पुरुष और महिला वर्ग के कई मुकाबले खेले जाएंगे।