हमीरपुर। पुलिस लाइन दोसड़का के मैदान में सोमवार को पुलिस आरक्षी भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन 268 महिला अभ्यर्थियों ने मैदान की बाधा पार की है। प्रथम दिन शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 1200 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 908 ही पंजीकृत हुईं। पंजीकृत 908 अभ्यर्थियों में से 907 मैदान में पहुंचीं, जबकि एक मैदान से अनुपस्थित रही। पंजीकृत 908 में से 268 अभ्यर्थियों ने मैदान की बाधा पार की है। जबकि 639 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाईं। अधिकतर महिला अभ्यर्थियों को ऊंची कूद लगाने में परेशानी हो रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा ने कहा कि उत्तीर्ण 268 अभ्यर्थियों को पुलिस मुख्यालय शिमला द्वारा लिखित परीक्षा के लिए तिथि निर्धारित होने पर बुलाया जाएगा। चार जनवरी को 1568 महिला अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया है। अभ्यर्थी पंजीकरण के लिए पुलिस लाइन दोसड़का, हमीरपुर में सुबह सात बजे रिपोर्ट करेंगी। केवल पंजीकृत अभ्यर्थियों को ही भर्ती स्थल पर प्रवेश की अनुमति होगी। प्रत्येक अभ्यर्थी को होल्डिंग एरिया में रिसिव किया जाएगा। उसके उपरांत उन्हें कोविड-19 काउंटर पर रिफ्रेशमेंट किट जिसमें मास्क, सैनिटाइजर, पानी, जूस और खाने-पीने की सामग्री दी जाएगी। सभी उम्मीदवार कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करेंगे और उचित ढंग से मास्क पहनेंगे तथा आपस में वस्तुओं का आदान-प्रदान नहीं कर सकेंगे। पंजीकरण काउंटर पर मूल दस्तावेज दिखाने होंगे। पुलिस लाइन पहुंचने पर अभ्यर्थी होल्डिंग एरिया में पंजीकरण के लिए इंतजार करेंगे। इसके बाद पंजीकरण काउंटर पर दस्तावेज देखे जाएंगे तथा अभ्यर्थी को एक नंबर दिया जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी किसी मामले में निर्णय से असंतुष्ट हो और अपील करना चाहे तो वह भर्ती समिति के अध्यक्ष को लिखित रूप में आवेदन देगा।