39वें रामलीला महोत्सव की झंडा रस्म के साथ होगी शुरुआत, स्थानीय कलाकार करेंगे मंचन
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। श्री बाल रामलीला कमेटी तलाई की ओर से इस वर्ष 39वां वार्षिक रामलीला महोत्सव आयोजित किया जाएगा। रामलीला का मंचन 24 अक्तूबर से एक नवंबर तक बाबा बालक नाथ मंदिर तलाई के प्रांगण में होगा। प्रतिदिन रात 8:30 बजे स्थानीय कलाकार प्रभु श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन करेंगे। वीरवार को रामलीला महोत्सव की शुरुआत झंडा रस्म के साथ हुई। मंदिर प्रांगण में कमेटी सदस्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर झंडा चढ़ाया। इस दौरान रामलीला के सफल आयोजन और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई। कमेटी के प्रधान पवन कौशल ने बताया कि रामलीला का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और नशे जैसी कुरीतियों से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। रामलीला में प्रभु श्रीराम के आदर्श, त्याग और मर्यादा का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रामलीला के सभी पात्रों की भूमिका स्थानीय कलाकार निभाएंगे। कमेटी ने क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं, युवा मंडलों और महिला मंडलों से अधिक संख्या में रामलीला देखने पहुंचने की अपील की है। झंडा रस्म के दौरान हरबंस लाल शर्मा, नंदलाल शर्मा, महेंद्र ठाकुर, देशराज शर्मा, पविंदर शर्मा, राकेश शर्मा, विनोद कौशल समेत कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।