बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रानीकोटला में अंडर-14 छात्रा वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में सदर खंड के 15 स्कूलों से 168 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। इसमें वॉलीबाॅल, खो-खो, बैडमिंटन, कबड्डी, शतरंज खेल कराए जाएंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में विधानसभा क्षेत्र श्री नयना देवी जी के कांग्रेस कमेटी सचिव राजेश ठाकुर ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विभिन्न स्कूलों की खिलाड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यातिथि ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इनसे न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी पैदा होती है। इससे पहले स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य रूमा हांडा सहित स्कूल प्रबंधन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। खेल प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन खो-खो का ही मुकाबला हुआ, जिसमें दयोथ स्कूल ने कोलवैली नेहर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, खिलाड़ी आदि मौजूद रहे। संवाद