फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Bilaspur News ›   Air pollution at Nauni-Padgal Chowk has made life difficult for the people.

Bilaspur News: नौणी-पड़गल चौक पर वायु प्रदूषण ने लोगों का जीवन किया दूभर

Thu, 12 Feb 2026 11:39 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर Updated Thu, 12 Feb 2026 11:39 PM IST
विज्ञापन
Air pollution at Nauni-Padgal Chowk has made life difficult for the people.
नौणी-पड़गल के पास लगा फोरलेन का कार्य। संवाद
ग्राउंड रिपोर्ट
विज्ञापन


रिहायशी क्षेत्र में क्रशर से उठने वाली धूल, मिट्टी से लोग परेशान
चौक पर बेतरतीब डंपिंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित
एनक्लोजर, डस्ट सेप्रेशन, हरित पट्टी के पालन पर उठे सवाल

रजनीश शर्मा
मलोखर(बिलासपुर)। शिमला–मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य ने जहां क्षेत्र में कनेक्टिविटी की नई उम्मीद जगाई है, वहीं नौणी के पास पड़गल चौक पर हालात उलट तस्वीर पेश कर रहे हैं। यह चौक बिलासपुर और शिमला से आने वाले वाहनों को कीरतपुर–मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ता है। इसी मार्ग से क्षेत्र की तीन प्रमुख सीमेंट कंपनियों के हजारों ट्रक हर दिन हरियाणा, पंजाब और अन्य राज्यों की ओर निकलते हैं। पास ही रेलवे लाइन का निर्माण भी जारी है। ऐसे में उठने वाली धूल मिट्टी से लोग परेशान है। इस क्षेत्र में वायु प्रदूषण ने लोगों का जीवन दूभर कर दिया है।
चौक से सटे गांव के पास स्थापित स्टोन क्रशर से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। क्रशर के आसपास करीब 10 से 15 परिवार रहते हैं। स्थानीय निवासी और टिपर यूनियन के उप प्रधान महेंद्र सिंह का कहना है कि क्रशर चारों तरफ से खुला है। न तो पर्याप्त बाउंड्री बनाई गई है और न ही धूल नियंत्रण के लिए जरूरी एनक्लोजर या डस्ट सप्रेशन सिस्टम नजर आता है। उनका आरोप है कि रात के समय भी क्रशर संचालित किया जाता है। रात को पानी का छिड़काव नहीं होता, जिससे अधिक धूल उड़ती है। खुला पड़ा मटेरियल तेज हवा में हमारे घरों और खेतों तक पहुंचता है। इस संबंध में उपमंडल अधिकारी (सदर) को शिकायत दी गई थी। प्रशासन की ओर से पानी की व्यवस्था और बाउंड्री लगाने का आश्वासन मिला, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस है।
विज्ञापन

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि रिहायशी क्षेत्र के निकट क्रशर लगाने के लिए क्या प्रभावित परिवारों की सहमति ली गई और क्या स्वीकृति पर्यावरणीय नियमों के तहत प्राप्त की गईं। क्रशर के पास स्थित निजी होटल के मालिक प्रेम सांख्यान ने कहा कि पिछले छह महीनों से होटल परिसर के बाहर धूल की मोटी परत जम रही है। सैलानी रुकने से कतराने लगे हैं। सड़क किनारे बैठना मुश्किल हो गया है। लोगों ने यह भी मुद्दा उठाया कि एम्स बिलासपुर की दूरी यहां से एक किलोमीटर से भी कम है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के कड़े मानकों का पालन होना चाहिए। उनका कहना है कि यदि धूल नियंत्रण के उपाय पर्याप्त नहीं हैं तो यह जनस्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

भारी मशीनरी, सीमेंट ट्रकों और निर्माण वाहनों के दबाव के बीच यह चौक इन दिनों धूल के गुबार और लंबे जाम की गिरफ्त में है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय मानकों और ट्रैफिक प्रबंधन की अनदेखी नहीं हो रही है।
फोरलेन कंपनी ने जोड़ने वाले बिंदु के आसपास निर्माण सामग्री बेतरतीब ढंग से डंप कर रखी है। सड़क के बीचो-बीच पड़े मलबे और मशीनरी के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है। पीक आवर्स में हालात ऐसे बन जाते हैं कि सीमेंट से लदे ट्रकों, निजी वाहनों और निर्माण मशीनरी की कतारें लग जाती हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संयुक्त निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों की गति पर किसी को आपत्ति नहीं, लेकिन पर्यावरणीय मानकों और स्थानीय जनजीवन की अनदेखी स्वीकार्य नहीं हो सकती। संवाद
इनसेट
कंसेंट टू एस्टेब्लिश और कंसेंट टू ऑपरेट लेना अनिवार्य
स्टोन क्रशर संचालन के लिए राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कंसेंट टू एस्टेब्लिश और कंसेंट टू ऑपरेट लेना अनिवार्य है। दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी धूल उत्सर्जन बिंदुओं का पूर्ण एनक्लोजर, बैग फिल्टर, ड्राई फॉग या डस्ट सेप्रेशन सिस्टम की अनिवार्य व्यवस्था, कन्वेयर बेल्ट को दोनों सिरों तक ढकना, ट्रांसफर प्वाइंट पर नियमित पानी का छिड़काव या एंटी-स्मॉग गन, कच्चे और तैयार माल का ढका भंडारण, पक्की एप्रोच रोड और परिधि में कम से कम तीन कतारों की हरित पट्टी, सीसीटीवी निगरानी और परिवेशीय वायु गुणवत्ता की मॉनिटरिंग जरूरी है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में अनुमति रद्द कर क्रशर बंद कराया जा सकता है।
इनसेट
ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस चौकी की मांग
रेलवे निर्माण, फोरलेन कार्य और सीमेंट ट्रकों के दबाव को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने निर्माण अवधि तक चौक पर पुलिस चेक पोस्ट स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थायी ट्रैफिक प्रबंधन के बिना जाम और दुर्घटना का खतरा बना रहेगा।

कोट
मीडिया के माध्यम से लोगों की समस्या का पता चला है। विकास के साथ यह भी जरूरी है कि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इस तरीके से काम हो। लोगों को जो भी समस्याएं वहां पर आ रही हैं, उनका समाधान किया जाएगा। कंपनी को इस बारे दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे।
डॉ. राजदीप सिंह, एसडीएम सदर

नौणी-पड़गल के पास लगा फोरलेन का कार्य। संवाद

नौणी-पड़गल के पास लगा फोरलेन का कार्य। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed