हिमाचल: स्कूलों में शिक्षकों के 14,754 पद खाली, जेबीटी के सबसे ज्यादा, विधानसभा में गूंजा मामला
विधानसभा में शिक्षा विभाग की ओर से प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों के कुल 82,564 पद स्वीकृत हैं।
विस्तार
सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। विधानसभा में शिक्षा विभाग की ओर से प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों के कुल 82,564 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 14,754 पद खाली पड़े हैं। प्रदेश में स्वीकृत पदों के मुकाबले करीब 18 प्रतिशत पद रिक्त हैं। बुधवार को विधायक हंसराज के सवाल का लिखित जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि जेबीटी के 4,008 और शारीरिक शिक्षकों के 1,232 पद रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में देश का सर्वश्रेष्ठ छात्र-अध्यापक अनुपात है। प्राथमिक स्तर पर प्रत्येक 12 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक, माध्यमिक स्तर पर प्रत्येक 11 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक और उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर प्रत्येक 10 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक है। रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने के प्रयास किए जा रहे हैं। कम विद्यार्थी संख्या वाले शिक्षण संस्थानों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के युक्तिकरण पर जोर दिया जा रहा है।
शिक्षक श्रेणी स्वीकृत पद रिक्त पद
जेबीटी 20,116 4,008
शारीरिक शिक्षक 4,464 1,232
प्रवक्ता आईपी 1,786 976
प्रवक्ता संस्कृत 5,082 735
मुख्य शिक्षक 956 639
प्रवक्ता राजनीतिक शास्त्र 2,016 385
प्रवक्ता हिंदी 2,025 355
भाषा अध्यापक 3,225 321
प्रवक्ता अंग्रेजी 2,241 329
प्रवक्ता वाणिज्य 1,630 321
सीबीएसई स्कूलों में 1,707 शिक्षकों की नियुक्ति बाकी
सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में सब-कैडर योजना के तहत विभिन्न विषयों के कुल 3,468 शिक्षकों को नियुक्त करने की मंजूरी दी गई है। इनमें से 1,761 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि 1,707 शिक्षकों की नियुक्ति अभी लंबित है। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि इसमें संस्कृत, शारीरिक शिक्षा, ड्राइंग और फाइन आर्ट जैसे विषयों में स्वीकृत पदों के मुकाबले अभी तक कोई नियुक्ति नहीं हुई है। संस्कृत के 150, शारीरिक शिक्षा के 150, ड्राइंग के 150 और फाइन आर्ट के 150 शिक्षकों की नियुक्ति लंबित है। इसके अलावा पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के 100 और शारीरिक शिक्षा के अतिरिक्त 225 पदों पर भी नियुक्ति बाकी है।
