हरियाणाः चोर समझकर युवक को पेड़ से बांधा, भीड़ ने कई घंटे तक की पिटाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यमुनानगर जिले के अजीजपुर गांव में रात के समय संदिग्ध हालात में घूम रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसे अमानवीय तरीके से रस्सियों के साथ पेड़ पर बांध दिया। हिंसक भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की।
सूचना मिलने पर बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बेसुध युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त करवाया। पुलिस ने रात के वक्त ही युवक की मरहम पट्टी करवाई। युवक मूल रूप से यूपी के रामपुर का रहने वाला है। परिजनों ने उसे मानसिक रूप से बीमार बताया है। मामला शुक्रवार देर रात का है।
गांव अजीजपुर निवासी एक युवक अपने बाडे़ में मोटरसाइकिल खड़ी कर पास में स्थित अपने घर में जा रहा था कि बाड़े के पीछे की ओर रोशनी में उसे कोई व्यक्ति खड़ा दिखाई दिया। उसने उसे कुछ पूछना चाहा तो युवक ने कोई जवाब नहीं दिया। बार-बार पूछने पर वह गली में भागने लगा। जिस पर गांव के युवक ने शोर मचा दिया और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ पहुंच गई।
कुछ ही दूरी पर जाकर नाली में युवक का पैर आ जाने से वह गिर गया। पीछा कर रहे ग्रामीणों ने उसे तुरंत मौके से पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से बांध कर पुलिस को फोन पर सूचित किया।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को मुक्त करवाया। ग्रामीणों का कहना है पिछले कई दिनों से जिले में हो रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए ग्रामीण पूरी तरह से चौकस हैं। गांव में अनजान युवक दिखने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए।
गांव अजीजपुर में पकड़ा गया युवक उतर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला है। उसके परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों का कहना है युवक पिछले कई दिनों से मानसिक बीमारी से परेशान है। पीड़ित की मरहम पट्टी करवाई गई है। ग्रामीणों को भी चेतावनी दी गई है कि वे बिना जांच पड़ताल किए किसी की पिटाई न करें। दीदार सिंह, थाना प्रभारी बिलासपुर