खुलासा: खनन कंपनी के मैनेजर ने ही अन्य संग मिलकर की थी इंचार्ज की हत्या, यह था कारण
कर्मियों के साथ मिलकर की गई हत्या में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। खनन कंपनी की लाइट व सीसीटीवी बंद कर वारदात को अंजाम दिया था। वारदात में आठ से 10 हमलावरों के शामिल होने का अंदेशा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के सोनीपत जिले में यमुना नदी के मिमारपुर घाट के पास रेत खनन कंपनी के स्टॉक इंचार्ज की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि कंपनी के मैनेजर ने अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर की थी। खनन कंपनी के मैनेजर पर एक दिन पहले हमला हुआ था, जिसमें हमलावर की पिस्तौल से गोली नहीं चलने से उसकी जान बच गई थी।
मैनेजर को शक था कि हमलावरों को उसके खनन कंपनी में होने की जानकारी स्टॉक इंचार्ज ने दी थी, जिसके चलते एक दिन बाद ही उसने अपने अन्य कर्मियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में सीआईए-2 की टीम एक आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात से पर्दा उठा दिया है। पुलिस अब मुख्य आरोपी व साथियों की तलाश कर रही है।
गांव बसौदी निवासी जसबीर ने 26 जून को मुरथल थाना पुलिस को बताया कि उसका भाई जयदीप उर्फ भोपाली (37) मिमारपुर के पास यमुना नदी के किनारे अल्टीमेट स्टॉक खनन कंपनी में इंचार्ज था। 25 जून की देर रात उसकी लाठी-डंडे और रॉड से पीट-पीटकर व धारदार हथियार से वार करके बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। उसका शव अर्द्धनग्न व लहूलुहान हालत में मिला था। जयदीप ने तीन माह पहले ही खनन कंपनी में स्टॉक इंचार्ज के रूप में काम करने शुरू किया था। वह दो बच्चों का पिता था।
पुलिस ने जसबीर के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। जयदीप की हत्या से दिन पहले अल्टीमेट खनन कंपनी के मैनेजर मोहित उर्फ मक्खी ने भी कुछ युवकों के खिलाफ स्टॉक पर आकर उसकी पिटाई करने व गोली चलाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की जांच कर रहे सीआईए-2 के एएसआई जितेंद्र कुमार की टीम ने स्टॉक इंचार्ज की हत्या से पर्दा उठाते हुए गांव मुरथल के रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खनन कंपनी में कारिंदा है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने मैनेजर मोहित उर्फ मक्खी के साथ मिलकर हत्या को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी रोहित को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
मोहित पर हुए हमले में जयदीप के शामिल होने का था शक
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में रोहित ने बताया है कि 24 जून की देर रात खनन कंपनी के मैनेजर गांव मछरौला निवासी मोहित पर हमला हुआ था। हमला करने का आरोप बख्तावरपुर के विपिन और फोता व मेहंदीपुर के मौनी पर लगा था। उन्होंने मोहित पर पिस्तौल गोली चलाने का प्रयास किया था, लेकिन गोली नहीं चलने से उसकी जान बच गई थी। उसे शक था कि विपिन को उसके खनन कंपनी में होने की जानकारी जयदीप ने दी है। इसी के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
वारदात से पहले बंद कर थी लाइट और सीसीटीवी कैमरे
हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले खनन कंपनी की लाइट और सीसीटीवी कैमरे को बंद कर दिया था। जिससे सीसीटीवी में वारदात रिकॉर्ड नहीं हो सकी। जब पुलिस जांच के लिए पहुंची थी तो सीसीटीवी कैमरा बंद किए जाने का पता लगा था। जिससे शक हो गया था कि हत्या में कोई करीबी शामिल हो सकता है। जिसे पता था कि खनन कंपनी में सीसीटीवी व लाइट कहां से बंद की जा सकती है। पुलिस ने शक के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया तो मामले का खुलासा हो गया।
मोहित की गिरफ्तारी के बाद विपिन से रंजिश का लगेगा पता
पुलिस का कहना है कि मोहित व विपिन की रंजिश के बारे में रोहित को ज्यादा पता नहीं है। मोहित की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा कि विपिन व उसके साथी उस पर हमला करने के लिए किस रंजिश के चलते आए थे। अब पुलिस मोहित व उसके अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
8 से 10 थी हमलावरों की संख्या
पुलिस की जांच में पता लगा है कि जयदीप पर हमला करने वालों की संख्या 8 से 10 थी। मामले में गिरफ्तार रोहित ने भी डंडे से जयदीप पर हमला किया था। वारदात में शामिल अन्य हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उनको जल्द गिरफ्तार कर लेगी।
रेत खनन कंपनी में स्टॉक इंचार्ज की हत्या खनन कंपनी के मैनेजर ने अन्य कर्मियों के साथ मिलकर की थी। उसे शक था कि उस पर हमला करने वालों को उसके खनन कंपनी में होने की जानकारी जयदीप ने ही दी है। इसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। मुख्य आरोपी व उसके साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर सुनील कुमार, प्रभारी, सीआईए-2 सोनीपत।