सिरसा। शहरी के बाजारों और कॉलोनियों में बिजली से होने वाले हादसों पर रोक लगाने के लिए डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तरीके से नए सिरे से तारों को बिछाया जाए ताकि करंट जैसी स्थिति से बचा जा सके। निर्देशों के बाद अब नगर परिषद अधिकारी दो दिन के भीतर पूरे शहर का सर्वे करके पता करेंगे कि किस-किस एरिया में कैसी स्थिति है। दो दिन बाद सुधार का काम शुरू किया जाएगा।
बैठक में डीसी ने कहा कि शहर में दिन-प्रतिदिन बिजली की खपत बढ़ने से लोड भी बढ़ रहा है। इसलिए निगम नए ट्रांसफार्मर लगाने व लाइनों को सही करने की दिशा में तेजी से काम करें। साथ ही शहर में बिजली का समान वितरण भी करवाएं। उन्होंने जिला वन अधिकारी से कहा कि फोरेस्ट लेंड पर निगम द्वारा लगाए जाने वाले ट्रांसफार्मर के लिए नियमानुसार तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करें। इसके अलावा फोरेस्ट लेंड पर बिजली की लाइनें बिछाने व ट्रांसफार्मर लगाने के लिए पेड़ों की छंटाई या अन्य कार्य किए जाते है। ऐसे में वन विभाग अपने एक कर्मचारी की ड्यूटी अवश्य लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि सेक्टर-19 में नए ट्रांसफार्मर लगवाने को लेकर मुख्यालय स्तर पर अगर समस्या आ रही है तो उनसे पत्राचार करके, इसका हल करवाया जाए। बैठक में एसडीएम जयवीर यादव, जिला वन अधिकारी राम कुमार, कार्यकारी अभियंता बिजली निगम सिटी डिवीजन जीत राम, मार्केट कमेटी सचिव विकास सेतिया, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद संदीप मलिक, एसडीओ मोहन लाल, एसडीई एचएसपीवी पवन कुमार आदि मौजूद रहे।