सिरसा: पंचायत भवन पार्क में मुख्यमंत्री ने सुनीं शिकायतें, ईटी पास युवाओं ने नियमित भर्ती की लगाई गुहार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शहीद सुखचैन सिंह के पैतृक गांव कुत्ताबढ़ पहुंचे। सुखचैन सिंह जम्मू-कश्मीर के राजौरी में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए थे। मुख्यमंत्री ने शहीद के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
विस्तार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में भाग लेने पंचायत भवन पहुंचे। परिसर में शिकायत देने वालों का तांता लग गया। कई शिकायतकर्ताओं को अंदर प्रवेश नहीं मिलने के कारण वे भवन के पार्क में खड़े रहे। मुख्यमंत्री ने अंदर जाने से पहले पार्क में मौजूद लोगों की शिकायतें स्वयं सुनी और सभी को समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद गेट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। कुछ शिकायतकर्ता अपनी शिकायतें सौंप नहीं सके, क्योंकि मुख्यमंत्री बैठक के लिए आगे बढ़ गए।
इस दौरान आईटीआई तथा पॉलीटेक्निक पास युवाओं का एक बड़ा समूह पहुंचा। उन्होंने एएलएम, एसई, जेई आदि पदों पर नियमित भर्ती निकालने की मांग की। उनका आरोप था कि एचकेआरएन के तहत उनके हक छीने जा रहे हैं। वहीं जेबीटी व एचटेट पास अभ्यर्थी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने शिक्षक भर्ती निकालने की मांग दोहराई और कहा कि 2012 के बाद से कोई भर्ती नहीं हुई है। शिकायतकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से त्वरित कार्रवाई की अपील की।
मुख्यमंत्री सैनी ने शहीद सुखचैन सिंह को दी श्रद्धांजलि
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शहीद सुखचैन सिंह के पैतृक गांव कुत्ताबढ़ पहुंचे। सुखचैन सिंह जम्मू-कश्मीर के राजौरी में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए थे। मुख्यमंत्री ने शहीद के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने वीर जवान को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।