दुखद: ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आग लगने से रोहतक के छात्र मौत, तीन साल पहले स्टडी वीजा पर गया था रौनक चौधरी उर्फ हैप्पी
सेक्टर दो निवासी 27 वर्षीय रौनक चौधरी उर्फ हैप्पी तीन साल पहले स्टडी वीजा पर गया था। सोमवार तड़के तीन बजे अपार्टमेंट में शार्ट सर्किट से आग लग गई। शव रोहतक आने में एक सप्ताह लगेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन साल पहले स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया गए हरियाणा के रोहतक के छात्र रौनक चौधरी उर्फ हैप्पी की सोमवार तड़के अपार्टमेंट में आग लगने से मौत हो गई, जबकि उसके साथी छात्र कैथल निवासी प्रिंस को फायर ब्रिगेड की टीम बचाने में कामयाब रही। रौनक का परिवार मूलरूप से सांपला के पास चुलियाना गांव का रहने वाला है और वर्तमान में रोहतक के सेक्टर-दो में रह रहा है।
रौनक के भाई रवि ने बताया कि उसके भाई रौनक ने 2012 में डीएवी स्कूल से 12वीं पास की थी। इसके बाद आईएमटी स्थित एफडीडीआई से चार साल का कोर्स किया था। तीन साल पहले वह मास्टर ऑफ कम्यूनिकेशन की डिग्री के लिए ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में गया। रहने के लिए सिडनी में ही किराये पर अपार्टमेंट ले रखा था, जहां कैथल के छात्र 20 वर्षीय प्रिंस के साथ रह रहा था।
रवि ने बताया कि सोमवार तड़के साढ़े 3 बजे उसके पास सिडनी पुलिस का फोन आया। बताया कि जिस अपार्टमेंट में रौनक रह रहा था, उसमें शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। हादसे की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड व पुलिस मौके पर पहुंची।
फायर कर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते एक छात्र प्रिंस को तो निकाल लिया, लेकिन रौनक दम घुटने के कारण बेहोश हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां 90 मिनट तक उसका उपचार चला। काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया जा नहीं जा सका।
हवाई मार्ग के रास्ते आएगा शव, दो दिन लगेंगे पोस्टमार्टम में
रवि ने बताया कि सिडनी पुलिस का कहना है कि शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया दो दिन चलेगी। इसके बाद मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। परिजनों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया में सात से आठ दिन लगेंगे। इसके बाद हवाई जहाज से शव रोहतक लाया जा सकेगा।
नवंबर में तय है छोटे भाई की शादी
रवि ने बताया कि वह एमडीयू में पढ़ता है। परिजनों की योजना थी कि रौनक से पहले उसकी शादी की जाए, जो नवंबर माह में तय है। रौनक ने मां को बताया था कि उसका आखिरी सेमेस्टर पूरा होने वाला है। वह 15 अक्तूबर को दिवाली से पहले रोहतक आ जाएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।