खट्टर की सीख्ा, बिहार, झारखंड से बहू नहीं लाएंगे, हरियाणा में बेटियां बढ़ाएंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के नवनिर्वाचित सरपंचों को सीख देते-देते सीएम मनोहर लाल खट्टर ने मंच पर अपने मंत्री ओपी धनखड़ को ही नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि हमारे मंत्री ओपी धनखड़ ने एक बार बयान दिया था कि हरियाणा में बेटियां कम हो रही हैं, अब बहू बिहार और झारखंड से लाएंगे। इसको लेकर काफी हंगामा भी हुआ था।
सीएम ने कहा कि हम बिहार, झारखंड से बहू नहीं लाएंगे, बल्कि हरियाणा में बेटियों को बढ़ाया जाएगा। अब प्रदेश में बेटियां बढ़ाने और भ्रूण हत्या रोकने में सरपंच भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगे। इस दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों ने बेटियों को बढ़ाने और उन्हें पढ़ाने का संदेश दिया।
हर गांव की होगी अपनी वेबसाइट, सीएम सीधे करेंगे सरपंचों को ई-मेल नई शर्तों के साथ पढ़ी-लिखी पंचायत चुनी गई तो सरकार भी उनका पूरा फायदा उठाना चाहती है। यही कारण है कि अब हर गांव की अलग वेबसाइट बनाई जाएगी, जिन पर सभी विकास कार्यों समेत अन्य ब्योरा भी होगा। वहीं, सभी गांवों के नाम से ई-मेल आईडी होगी, जिन पर सीएम सीधे ई-मेल करेंगे।
किसी भी सरपंच को पत्र नहीं भेजा जाएगा, बल्कि उनको ई-मेल से सभी जानकारियां मिलेंगी। सीएम, पंचायत मंत्री, पंचायत विभाग के कार्यालयों में वह ई-मेल आईडी दर्ज होगी। यही नहीं, सरपंचों को अप्रैल में पांच साल का प्लान भी कंप्यूटर के सहारे ही शासन को भेजना होगा।
विकास एवं पंचायत विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव नवराज संधू ने बताया कि सरपंचों को अब ट्रेनिंग दी जाएगी, जिनमें सरकारी योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। उनको कंप्यूटर की ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे वे अपने गांव की वेबसाइट पर सबकुछ देख सकें और अपना ई-मेल खुद चला सकें।
सरपंच अपने ई-मेल के सहारे सीधे सीएम, मंत्री, पंचायत विभाग या अन्य किसी अधिकारी से जुड़ सकेंगे। इससे उनको दौड़ भी नहीं लगानी पड़ेगी और उनका काम भी हो जाएगा। इस तरह पंचायतों को पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत किया जा रहा है।