डहीना। जिले के गांव सीहा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर मासिक प्रतिभा प्रोत्साहन और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत, सीहा की सरपंच सरिता यादव के मुख्य अतिथि में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य सत्यवीर नाहड़िया ने की। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिला शिक्षकों के अलावा मेधावी विद्यार्थियों तथा अन्य कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय में विभिन्न विकास कार्य करवाने के लिए ग्राम पंचायत की सरपंच को विशेष रूप से अलंकृत किया गया। विद्यालय के स्टाफ सचिव यशपाल आर्य के कुशल संयोजन और संचालन में आयोजित इस समारोह में एनएमएमएस क्वालीफायर मेधावी छात्रा पूनम, युवा संसद के प्रभारी प्राध्यापक नरेश कुमार, पुलिसकर्मी मुकेश कुमार व राजेश कुमार, विद्यालय की सफाई कर्मचारी रेशमा देवी के अलावा महिला शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें प्राध्यापिका अलका, प्रियंका यादव, अनीता, सीमा देवी, सोनू, लक्ष्मी यादव, गायत्री, सुमित्रा, सुशीला तथा प्रियंका देवी के नाम उल्लेखनीय हैं। समारोह में प्राध्यापक सतपाल सिंह, शशि कपूर, प्रदीप चौहान, रवि कुमार, अनिल कुमार ने विभिन्न प्रभार संभाले। वरिष्ठ अध्यापक विजयपाल सिंह निमोठ ने सभी का आभार ज्ञापित किया।