पुलिस ने चोर गिरोह का किया पर्दाफाश: 22 वारदातों को दे चुके थे अंजाम, दो आरोपी गिरफ्तार
पानीपत पुलिस ने 22 चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी किया हुआ सामान भी बरामद हुआ है। सुनसान मकान देखकर चोर वारदात को अंजाम देते थे। डिटेल में पढ़ें खबर...
विस्तार
घरों में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सीआईए-3 की टीम ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी की 22 वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों ने बताया कि वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। मंगलवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर आठ दिन की रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से चोरी का सामान बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
मंगलवार को डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में प्रेसवार्ता की। डीएसपी के मुताबिक सोमवार देर शाम को सीआईए-3 की टीम को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक एक बाइक पर सवार होकर सेक्टर-25 में हनुमान चौक की ओर जा रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोक कर पूछताछ की। उनकी पहचान बिहार के मोतिहारी के चकिया निवासी रवि उर्फ दानेदार हाल पूरेवाल कॉलोनी व शिवा उर्फ रसगुल्ला निवासी चुलकाना हाल बतरा कॉलोनी के रूप में हुई।
आरोपियों को मिला आठ दिन का पुलिस रिमांड
आरोपियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर 28 मार्च 2024 की रात गंगाराम कॉलोनी में एक घर का ताला तोड़कर सोने और चांदी के जेवर, 10 हजार रुपये की नकदी व अन्य सामान चोरी किया था। जिसका मामला थाना पुराना औद्योगिक में दर्ज किया गया था। इसके साथ ही आरोपियों ने शहर में चोरी की 22 अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया है जिनमें चांदनी बाग थाने की आठ, तहसील कैंप थाना क्षेत्र की छह, मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की पांच, पुराना औद्योगिक क्षेत्र की तीन वारदातों को खुलासा हुआ है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आठ दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। दोनों के कब्जे से चोरी का माल बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। उनके अन्य साथियों की तलाश की जाएगी।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी
डीएसपी ने बताया कि आरोपी नशा करने के आदी हैं जिस कारण वह नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी शिवा का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह सितंबर 2024 में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
गली-गली घूमकर करते थे रैकी
डीएसपी ने बताया कि आरोपी सुबह ही शहर में निकल जाते थे और गली-गली घूमकर सुनसान घर की तलाश करते थे। जब उन्हें कोई सुनसान मकान मिल जाता था तो रात को उसमें चोरी की वारदात करते थे। घरों में चोरी के साथ साथ आरोपी बाइक चोरी की भी वारदात करते थे।
ये भी पढ़ें: रोहतक ब्रेकिंग : पुलिस का 24 घंटे में दूसरा एनकाउंटर, दो बदमाश हुए घायल