फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Panipat News ›   मायके आई पत्नी को लेकर जा रहे पति ने रास्ते में गला रेतकर की पत्नी की हत्या व ससुराल में आए व्यक्ति की हत्या

मायके आई पत्नी को लेकर जा रहे पति ने रास्ते में गला रेतकर की पत्नी की हत्या व ससुराल में आए व्यक्ति की हत्या

Tue, 08 Aug 2017 09:32 PM IST
Updated Tue, 08 Aug 2017 09:32 PM IST
विज्ञापन
मायके आई पत्नी को लेकर जा रहे पति ने रास्ते में गला रेतकर की पत्नी की हत्या व ससुराल में आए व्यक्ति की हत्या
मायके से पत्नी को लेकर आया और रास्ते में काट दिया गला
विज्ञापन

- आरोपी बोला पत्नी नहीं थी पसंद, इसलिए गला रेतकर की हत्या

- हत्या को लूट में बदलने के लिए फैलाया सामान, खुद को भी मारे चाकू
- डाहर बाईपास के नजदीक नहर किनारे मंगलवार सुबह मिला शव
- जींद जिले के गांव डालम वाला से पत्नी को लेने सोमवार शाम गांव हथवाला आया था पति
- परिजनों के अनुसार दोनों सोमवार देर शाम को चले थे घर वापस
- सिविल अस्पताल में दाखिल पति से सख्ती से पूछने पर कबूली हत्या की वारदात


अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/इसराना/थर्मल।
गांव हथवाला में मायके आई पत्नी को लेकर जा रहे पति ने रास्ते में पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या को लूट की वारदात में बदलने के लिए रुपये व सामान बिखेर दिया और खुद पर भी चाकू के निशान बनाते हुए कपड़े फाड़ लिए। लेकिन सिविल अस्पताल में डॉक्टर द्वारा शरीर पर मिले निशान पर संदेह जताने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसे पत्नी पसंद नहीं थी। इसीलिए हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विवाहिता के मायके पक्ष के बयान पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।
वहीं गांव रजापुर में ससुराल आए व्यक्ति की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दो जेसीबी की सहायता से करीब आठ घंटे बाद शव नाले से बाहर निकाला। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के निशान नहीं मिले हैं। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का शव नाले में फेंकने के आरोप लगाए हैं, वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि व्यक्ति शराब के नशे में नहाने के लिए नाले में कूदा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराया जाएगा।
विज्ञापन

गांव हथवाला निवासी महाबीर ने बताया कि उसने अपनी बेटी अनेखा (23) की शादी 28 जुन को सोनू निवासी गांव डालम वाला, जींद के साथ की थी। शादी में अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग अनेखा को कम दहेज लाने पर ताने मारने लगे। शादी के नौ दिन बाद श्रावण मास शुरू होने से पहले वे लोग अनेखा को मायके ले आए थे। एक माह से अनेखा अपने मायके में ही रह रही थी। सोमवार सायं करीब सवा पांच बजे सोनू हथवाला पहुंचा और आते पत्नी को लेकर जाने की बात कहने लगा। उन्होंने मना किया लेकिन वह नहीं माना और करीब छह बजे अनेखा को लेकर जींद के लिए रवाना हो गया। रात करीब आठ बजे सोनू की बहन मंजू निवासी काबड़ी का फोन आया और उसने बताया कि उसके पास सोनू का फोन आया है और उसका बुड़शाम के पास एक्सीडेंट हो गया है। यह सुनते ही सभी लोग घटनास्थल की तरफ निकले, लेकिन रात भी ढूंढने के बाद ही उनका कहीं पता नहीं लगा। मंगलवार सुबह डाहर व सिवाह के बीच बड़ी नहर के पास अनेखा का शव मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर सोनू झाड़ियों में पड़ा था, उसके कपड़े फटे हुए थे। सोनू ने बताया कि कुछ लोगों ने लूट के इरादे से उनको रोका और विरोध करने पर अनेखा की हत्या कर दी और उसे घायल कर फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया और घायल सोनू को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां डॉक्टरों ने सोनू के शरीर पर लगे चोट के निशानों पर संदेह जताया। पुलिस ने सोनू से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपनी पत्नी की हत्या की वारदात कबूल ली।
विज्ञापन
विज्ञापन

सोनू ने बताया कि उसने सिवाह बाईपास से आगे डाहर के पास नहर पर शौच जाने का बहाना कर बाइक रोकी। अनेखा बाइक से उतरकर नीचे बैठ गई। तभी पीछे से आकर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और परिजनों के बयान पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।

परिजनों ने लगाया अवैध संबंध का आरोप
हत्यारोपी पति ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसको अपनी पत्नी पसंद नहीं थी। इसलिए उसकी हत्या कर दी। वहीं अनेखा के मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि सोनू के उसकी रिश्तेदारी में एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। अनेखा को शादी की पहली ही रात इस बात का पता लग गया था। उसने इस बारे में अपनी सास को भी बताया, लेकिन उसकी सास ने चुप रहने की बात कही थी।

हैचरी में खुद किया चाकू तैयार
बताया जा रहा है कि आरोपी सोनू अपने गांव में स्थित हैचरी में बतौर सुपरवाइजर कार्यरत है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि पत्नी को लाने से से पहले ही उसने हत्या की साजिश रच ली थी। साजिश को अंजाम तक पहुंचाने के लिए उसने हैचरी में ही एक चाकू तैयार किया। पत्नी की हत्या करने के बाद उसने चाकू नहर में फेंक दिया। सोनू ने पत्नी की हत्या करने के लिए पहले ही प्लान तैयार कर लिया था। वह अपनी ससुराल पहुंचा और पहुंचते ही पत्नी को तुरंत तैयार करने की बात कहते हुए कहा कि अभी निकलना है। ससुराल वालों ने लंबा रास्ता होने की बात कही तो उसने कहा कि रात को अपनी बहन मंजू निवासी काबड़ी के पास रुकेंगे और राखी बंधवाने के बाद सुबह घर जाएंगे। इस पर परिजनों को विश्वास हो गया। सोनू अपनी पत्नी को लेकर बाइक पर निकला तो अनेखा की मौसी व उसका दामाद भी दूसरी बाइक पर पानीपत तक साथ निकले। समालखा पहुंचने पर सोनू बाजार में सामान खरीदने का बहाना बनाकर उनसे अलग हो गया।

वर्जन
डाहर के नजदीक बड़ी नहर के पास एक महिला का शव मिला है। शव से कुछ दूरी पर उसका पति झाड़ियों में पड़ा था। उनका सामान बिखरा पड़ा था। पति ने उनके साथ रात को लूट होने की बात कही थी। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने पति के शरीर पर मिले निशान पर शंका जाहिर की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी पति ने पत्नी की हत्या की वारदात कबूल की। आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने चाकू नहर में फेंक दिया। परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी पति सोनू निवासी डालमवाला जींद के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
- नवीन संधू, प्रभारी, थाना इसराना, पानीपत।




रक्षाबंधन मनाने ससुराल आए युवक की हत्या कर शव गंदे नाले में फेंका
- दो जेसीबी व दर्जनों लोगों की सहायता से करीब आठ घंटे बाद नाले में मिला शव
- ससुराल पक्ष के लोग बोले नशे में नहाने के लिए नाले में कूदा, वहीं परिजनों ने लगाया हत्या कर शव को फेंकने का आरोप

गांव रजापुर में अपनी पत्नी शीला के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाने आए नरेश (25) निवासी गांव भरतपुर, घरौंडा, करनाल की बाबरपुर के पास स्थित गंदे नाले में डूबने से मौत हो गई।
नरेश के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर उसकी हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि नरेश ने रात को बाबरपुर में जाकर शराब पी और नहाने के लिए गंदे नाले में कूद गया। जिससे उसकी मौत हो गई। बाबरपुर के पास गंदे नाले में नरेश के डूबने की सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीण और थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंचे। युवक के शव को खोजने के लिए दो जेसीबी मशीनों से नाले में खड़ी घास हटाई गई।
करीब चार दर्जन ग्रामीण नाले मे खोजबीन करते रहे। करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने नहर से युवक का शव बरामद किया। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के निशान नहीं मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाते हुए धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो पाएगा। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।

गहने गिरवी रखने के बाद से रखते थे रंजिश
नरेश के चाचा सुरेंद्र ने बताया कि नरेश की गांव चोरा माजरा मे फोटोग्राफर की दुकान है। दुकान मे घाटा होने के कारण उसने पत्नी के गहने गिरवी रख दिए थे। तभी से उसकी पत्नी व ससुराल वाले उससे रंजिश रखने लगे। इसी कारण वह रक्षाबंधन पर्व पर भी नहीं आना चाहता था। इसके ससुराल के लोगों ने योजना बनाकर उसकी हत्या कर दी और अब कह रहे हैं कि नरेश कपड़ों सहित नाले में नहाने के लिए कूद गया। परिजनों का कहना है कि अगर उसे नहाना ही होता तो वह कपड़े निकालकर कूदता।

झगड़ा होने पर दिया नाले में धक्का
नरेश के पिता सतपाल ने बताया कि बाबरपुर नाले के पास भैंस चरा रहे एक पशुपालक ने बताया कि पांच लोग पुलिया पर शराब पी रहे थे। शराब पीने के दौरान ही इनका झगड़ा हो गया। इसी झगड़े में एक युवक को नाले मे धक्का दे दिया। जबकि नरेश के साले अनिल ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन गांव के ही तीन युवकों के साथ वह और नरेश बाबरपुर स्थित नाले पर बैठकर शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद तीनों युवक चले गए। वह भी नरेश के साथ घर की तरफ जाने लगा। अचानक नरेश ने नहाने की बात कहते हुए कपड़ों सहित नाले में छलांग लगा दी।


वर्जन
गांव रजापुर में अपनी ससुराल आए एक युवक की बाबरपुर के पास नाले में गिरने से मौत हो गई। युवक के परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए हैं, जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि वह शराब के नशे में नहाने के लिए नाले में उतरा था। लेकिन बाहर नहीं निकल पाया। दो जेसीबी व ग्रामीणों की सहायता से कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को नाले से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपार्ट के बाद ही लग पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार कभो करवाया जाएगा।
- धर्मबीर सिंह खर्ब, प्रभारी, थाना सदर, पानीपत।

फोटो-15 से 20
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed