किसान ट्रैक्टर परेड में शामिल होगी आम आदमी पार्टी, पंजाब भर में निकाली बाइक रैली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आम आदमी पार्टी (आप) ने 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर परेड में जनसमर्थन जुटाने के लिए शनिवार को पंजाब में मोटरसाइकिल रैली निकाली। अपने-अपने क्षेत्रों में इस मोटरसाइकिल रैली में पार्टी के विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए।
आप प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कहा कि किसानों का ट्रैक्टर मार्च ऐतिहासिक होगा, इसमें आप के सभी विधायक और नेता शामिल होंगे।
मान ने कहा कि यह रैली कोई राजनीतिक मकसद से नहीं निकाली गई है और न ही इसे राजनीतिक रूप में देखा जाना चाहिए। हम सब किसान परिवार से आते हैं और किसानी हमारे खून में हैं। हमारे पूर्वज किसान थे और अब भी पंजाब के 80 प्रतिशत से ज्यादा लोग खेती से जुड़े हैं।

मोटरसाइकिल रैली में शामिल आप कार्यकर्ता।
एक किसान का बेटा होने के कारण हमने 26 को होने वाली ट्रैक्टर परेड में अपना सहयोग देने के लिए इस मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया। इस रैली का उद्देश्य किसान संगठनों की ओर से गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली की सड़कों पर होने वाली ‘किसान ट्रैक्टर परेड’ में शामिल होने के लिए लोगों से अपील करना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग ट्रैक्टर परेड में शामिल हो सकें।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसान ट्रैक्टर परेड में राजनीतिक दल के रूप में नहीं, सेवा दल के रूप में शामिल होगी। मान ने कहा कि आजादी के बाद देश में पहली बार ऐसी परेड होगी, जहां एक तरफ जवान परेड करेंगे और दूसरी तरफ दिल्ली की बाहरी सड़कों पर अपने ट्रैक्टरों के साथ देश के किसान ट्रैक्टर परेड करेंगे।