मूनक। इलाके के गांवों के लोग गांवों से होकर हांसी रोड पर जाने वाले बड़े वाहनों की आवाजाही से परेशान हैं। स्टौंडी, मूनक, गगसीना के ग्रामीण राजन, जगदीश, शिव कुमार,फूल सिंह, बबलू, विश्वनाथ, महिंद्र, ओमप्रकाश, राजवीर, बिट्टू आदि का कहना है कि जब से बसताड़ा टोल टैक्स बना तभी से उस रोड पर बड़े-बड़े वाहन, जो कि टोल बचाने के लिए यहां से गुजरते हैं, उनके चलते कई बार दुर्घटना में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। यह रोड स्टौंडी, गगसीना, मूनक के बीच से गुजरता है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें हर दिन अपने बच्चों और पशुओं को चोट लगने का डर सताता रहता है। बच्चों और पशु मुश्किल से सड़क पार कर पाते हैं। उपायुक्त के आदेशों से दिन के समय बड़े वाहनों की एंट्री बंद की गई थी परंतु सरकार के आदेशों की अनदेखी करते हुए यह यहां से गुजरते हैं। दूसरी ओर यह मूनक पश्चिमी नहर के पुल से होते हुए असंध रोड पर जाते हैं, सिंचाई विभाग ने बड़े वाहनों की एंट्री बंद का बोर्ड लगा रखा है फिर भी वाहन डिवाइडर को तोड़ते हुए गुजरते हैं। सभी ने जिला प्रशासन से समस्या से निजात दिलाने की मांग की।