जिले में धीरे-धीरे कोरोना का कहर खत्म होता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग इसमें जीजान से लगा हुआ है। शुक्रवार को नागरिक अस्पताल के 18 कर्मचारियों समेत 22 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल कर्मचारियों के साथ पूरे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। जिले में केवल दो ही कोरोना पॉजिटिव मिले थे, जिनमें से एक ठीक होकर घर पहुंच चुका है। अब केवल एक पॉजिटिव है, जिसको रोहतक पीजीआई में रखा गया है। अब तक जिला स्वास्थ्य विभाग ने 176 लोगों के सैंपल लिए हैं, जिनमें से 147 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। एक पॉजिटिव जबकि बाकी रिपोर्ट का इंतजार है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने छह लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले की स्थिति पूरी तरह से कंट्रोल में है। जो युवक पॉजिटिव पाया गया है, उसके परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आने से यह साफ हो गया है जिले में कोरोना पूरी तरह से कंट्रोल में है। अब तक जिले में केवल दो ही पॉजिटिव मामले आए थे। उनमें से एक युवक ठीक होकर घर पहुंच गया है। प्रतिदिन सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाते हैं। अब तक 176 लोगों के सैंपल भेजे गए हैं, जिनमें से 147 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। फिलहाल एक रिपोर्ट पॉजिटिव है। बाकी रिपोर्ट का इंतजार है। पॉजिटिव युवक पीजीआई रोहतक में है। पीजीआई की टीम ही पॉजिटिव युवक के सैंपल लेकर दोबारा जांच करवाएगी। शुक्रवार को छह लोग फ्लू कॉर्नर में आए थे, जिनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।