लैब टेक्नीशियन हड़ताल पर, मरीज परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा स्टेट लैब टेक्नीशियन एसोसिएशन के आह्वान पर जिले भर के लैब टेक्नीशियन शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। इसके चलते लैब सेवाएं प्रभावित रहीं, जिससे दिनभर मरीज अस्पताल प्रांगण में मेडिकल जांच के लिए भटकते रहे। लैब टेक्नीशियनों ने अस्पताल प्रांगण में ही धरना देकर दिनभर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में नारेबाजी करते हुए ही सीएमओ कार्यालय पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
सामान्य अस्पताल में सुबह से ही लैब टेक्नीशियनों की हड़ताल का असर दिखाई देने लगा। लैब के ताले खुले ही नहीं। लैब टेक्नीशियन इकट्ठा हुए और अस्पताल के प्रांगण में ही धरना दे दिया। लैब टेक्नीशियनों ने आरोप लगाया कि बार-बार मांग करने के बाद भी सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है। अब उस समय तक संघर्ष जारी रहेगा, जब तक मांगें पूरी नहीं होती। अपनी मांगों को लेकर लैब टेक्नीशियन नारेबाजी करते रहे और अस्पताल में अपनी जांच करवाने आए मरीज यहां से वहां भटकते रहे। लैब टेक्नीशियनों की हड़ताल के बारे में पूर्व सूचना थी। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन मरीजों के मेडिकल टेस्ट कराने के लिए कोई व्यवस्था नहीं कर पाया। कुछ मरीजों ने बाहर से महंगे दाम पर टेस्ट करा लिए। मरीजों को आ रही परेशानी को देखकर दोपहर एक बजे एक टेक्नीशियन की ड्यूटी लगाई गई, लेकिन तब तक अधिकांश मरीज बिना इलाज ही वापस लौट चुके थे।
यहां आकर पता चला हड़ताल का
बलगम की जांच कराने आई शीला ने कहा कि उसे अस्पताल में आकर ही पता चला कि जांच करने वाले सभी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। किराया भाड़ा भी लगाया और इलाज भी नहीं मिला। परेशानी भी झेलनी पड़ी। जगबीर ने कहा कि वे ब्लड टेस्ट करवाने के लिए आए थे, लेकिन यहां कुछ काम ही नहीं हो रहा है। सुबह घर से निकले थे, अब दोपहर हो गई है। सारा दिन ही खराब हो गया है और काम भी नहीं हुआ है। जगबीर, भतेरी आदि ने कहा कि बड़े डॉक्टरों को कुछ न कुछ तो इंतजाम करना चाहिए ताकि मरीजों की जांच तो हो सके।
सिविल अस्पताल में प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज रोगों की जांच करवाने के लिए आते हैं। लैब टेक्नीशियनों की हड़ताल के चलते ब्लड जांच, शुगर जांच, ब्लड प्रेशर, मेडिकल जांच, बंदीकरण ऑपरेशन जांच, मलेरिया, टाइफाइड सहित विभिन्न जांच प्रभावित रही। एसोसिएशन के जिला प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार को काले बिल्ले लगाकर और बृहस्पतिवार को सामूहिक अवकाश लेकर सरकार को चेताया है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं करती है तो आंदोलन तेज किया जाएगा और आगामी 13 अगस्त को जिला मुख्यालय पर गिरफ्तारियां भी दी जाएगी। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सह सचिव राजेंद्र जुलाना व जिला सचिव जय पाल गुढ़ा एसोसिएशन के समर्थन में आए और उनकी मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए सरकार से उनकी मांगों को जल्द पूरा करने की बात कही।