हिसार। अग्रोहा विकास ट्रस्ट के प्रतिनिधियों की बैठक धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। जिसमें 20 अक्तूबर को लगने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों पर विमर्श किया गया।
अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि वार्षिक मेले में देश भर से भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे। मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए अलग-अलग ड्यूटी लगाई गई है। धाम को लाइटों द्वारा भव्य रूप से सजाया गया है। शरद पूर्णिमा पर सुबह खीर का प्रसाद व शक्ति सरोवर स्नान होगा। महिलाओं द्वारा कलश यात्रा के अलावा मुख्य कार्यक्रम भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मेलन दोपहर 2:00 बजे से होगा। कार पार्किंग की व्यवस्था महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज व सरकारी स्कूल में की गई है। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव चूड़िया राम गोयल, पंजाब प्रदेश संयोजक सुरेश गर्ग, हिसार जिला प्रधान एनके गोयल, टोहाना प्रधान रमेश गोयल, नरवाना राजेंद्र गुप्ता, देहली जयगोपाल, पवन सिंगला आगरा, विष्णु अग्रवाल मध्यप्रदेश, अमीत चाचल विधायक नोहर राजस्थान आदि प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।