Haryana Panchayat Elections: मतदान में युवाओं से लेकर बुजुर्गों ने दिखाया उत्साह, अब 27 नवंबर का इंतजार
Haryana Zila Parishad Panchayat Election 2022 News in Hindi: सभी जिलों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। नौ जिलों में मतदान के दौरान सभी जगह उत्साह देखने को मिला। कहीं-कहीं मतदान का विरोध भी किया गया। जानिए दिनभर का घटनाक्रम...
विस्तार
हरियाणा के पंचायत चुनाव के पहले चरण में नौ जिलों के मतदाताओं ने खूब उत्साह दिखाया। शाम छह बजे तक 50 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। दिनभर मतदान में जींद सबसे आगे और पंचकुला सबसे पीछे रहा। नूंह के लोग भी मतदान में दूसरे नंबर पर रहे। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। अब सभी उम्मीदवारों को भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है। 27 नवंबर को मतगणना के बाद सभी के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
रविवार को नौ जिलों में मतदान हुआ। भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। इन जिलों के 61 ब्लॉक में 1278 पंचायत समिति व 175 जिला परिषद सदस्य मैदान में हैं।
अभी 13 जिलों में अलग-अलग चरणों में मतदान होगा। सभी 22 जिलों में पंचायत समिति सदस्यों व जिला परिषद सदस्यों के चुनाव संपन्न होने के बाद 27 नवंबर को इनके मतों की गणना करके सभी नतीजे एक साथ घोषित किए जाएंगे।
मंत्रियों और ग्रामीण विधायकों की साख दांव पर
जिलों के मंत्रियों और ग्रामीण विधायकों की साख दांव पर लगी हुई है। भाजपा नौ वार्ड में सिंबल पर चुनाव लड़ रही है, 10 वार्ड में समर्थित उम्मीदवार उतारे हैं। कांग्रेस सिंबल पर नहीं लड़ रही।
जजपा में यमुनानगर जिले के दो वार्ड में सिंबल पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। आम आदमी पार्टी व इनेलो भी कुछ वार्ड में सिंबल पर लड़ रही हैं। भिवानी में सांसद धर्मबीर, कृषि मंत्री जेपी दलाल, पंचकूला में विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, जिला प्रभारी सांसद नायब सैनी, कैथल में राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, यमुनानगर में शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर के अलावा अनेक विधायकों के लिए पार्टी व समर्थित उम्मीदवारों की जीत नाक का सवाल बनी है।
महेंद्रगढ़ खंड के गांव खातोदड़ा के ग्रामीणों ने शुरू नहीं होने दिया मतदान
महेंद्रगढ़ खंड के गांव खातोदड़ा के ग्रामीणों ने मतदान रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव से सरपंच पद के उम्मीदवार हरपाल उर्फ बबली शनिवार सुबह से लापता है, जब तक पुलिस हरपाल की तलाश नहीं करती, तब तक मतदान नहीं होने दिया जाएगा। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसपी विक्रांत भूषण ने ग्रामीणों को आश्वासन देकर मतदान शुरू कराने की अपील की लेकिन ग्रामीण हरपाल के आने के बाद ही मतदान शुरू करने की बात पर अड़े रहे। पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीण मांग पर अड़े हैं कि जब तक हरपाल नहीं आएगा बूथ पर मतदान प्रक्रिया शुरू नहीं की जाएगी। महेंद्रगढ़ क्षेत्र के गांव देवलाली के ग्रामीणों ने भी चुनाव का बहिष्कार किया।
जींद जिले में तीन बूथों पर नहीं डाले गए वोट
जींद के तीन बूथों पर वोट नहीं डाले गए। चाबरी गांव के बूथ नंबर 42 व 43 पर एक भी वोट नहीं डाला गया। पिल्लूखेड़ा ब्लॉक के गांव भिड़ताना के बूथ नंबर 52 पर भी किसी मतदाता ने अपना वोट नहीं डाला। दोनों ही गांव नेशनल हाईवे 352-ए पर रास्ते की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं।
झज्जर के निवादा गांव में चुनाव का बहिष्कार
झज्जर के निवादा गांव में चुनाव का किया बहिष्कार। एक बुजुर्ग ने डाला मत। मुडाहेड़ा व निवादा दो गांव हैं पंचायत समिति के वार्ड नंबर 10 में। मुडाहेड़ा गांव से बनता है पंचायत समिति का सदस्य। इस बार निवादा गांव ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में मांगा था समर्थन। मुडाहेड़ा गांव के लोगों ने ही दिया समर्थन तो किया चुनाव का बहिष्कार। डीसी शक्ति सिंह ने कहा सभी व्यवस्थाए देना प्रशासन का काम था, मतदान करना न करना दोनों गांवों का आपसी मामला था।
पानीपत के सिवाह में दो बूथों पर खराब हुई ईवीएम
पानीपत जिला परिषद वार्ड 15 के गांव सिवाह के बूथ नंबर 4 और पांच की ईवीएम मशीन खराब होने से वोटिंग रुकी। अधिकारी दूसरी ईवीएम लेकर पहुंचे और मतदान शुरू कराया।
कैथल में वार्ड नंबर 12 प्रत्याशी विकास तंवर पर एफआईआर
कैथल में वार्ड नंबर 12 के प्रत्याशी विकास तंवर पर एफआईआर दर्ज हुई है। उन्होंने मंदिर में कैश देकर फेसबुक पर पोस्ट की थी। इसके बाद नायब तहसीलदार ने उन पर कार्रवाई की।
यमुनानगर में चुनावी ड्यूटी में तैनात टीचर की मौत
यमुनानगर में थाना छप्पर के गांव फतेहपुर स्कुल मे 50 वर्षीय मास्टर अशोक कुमार निवासी सेक्टर 17 जगाधरी की इलेक्शन ड्यूटी गांव फतेहपुर थाना छप्पर के स्कूल में लगी हुई थी। रात का भोजन करने के बाद वे वहीं पर सो गए थे। सुबह साढ़े पांच बजे साथी टीचरों ने देखा कि अशोक कुमार मृत अवस्था में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी है। अशोक कुमार मतदान केंद्र पर बतौर पर प्रजाइडिंग ऑफिसर लगाए गए थे। सुबह जब वह नहीं उठे तो उनके साथी कर्मचारी ने उन्हें उठाने के लिए आवाज लगाई परंतु वह नहीं उठे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई आरंभ कर दी है। अशोक कुमार भैड़थल स्कूल में टीचर थे।
मतदान करने जा रही युवती की सड़क दुर्घटना में मौत
मंडी अटेली में मतदान करते जा रही 19 वर्षीय ज्योति की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुघर्टना का मामला दर्ज किया है।