रतिया। नगर पालिका ने मंगलवार को मुख्य सड़क के ऊपर बनाए गए पांच डंपिंग प्वाइंट के चारों तरफ दीवार का निर्माण करवाया है। इसके साथ ही चार दीवारी के ऊपर स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर वॉल पेंटिंग भी करवाई गई है। इसको देखते हुए शहरवासियों में नगर पालिका के इस कार्य की प्रशंसा की जा रही है। नगर पालिका की ओर से दीवार का निर्माण कर देने के बाद अब मुख्य डपिंग प्वाइंट पर कचरा बिखरने की समस्या का समाधान हो जाएगा।
नगर पालिका सचिव शुभम कुमार व सफाई इंचार्ज ओंकार सिंह ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में मुख्य रैंक पर आने के लिए जिला नगर आयुक्त की ओर से विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत रतिया शहर में मंडी रोड, नया बस स्टैंड, फतेहाबाद रोड पर कैंटर यूनियन, वार्ड नंबर एक व टोहाना रोड पर गोदाम के पास जहां पर डंपिंग प्वाइंट बने हुए है वहां दीवार का निर्माण करवाया गया और लोहे के शेड लगाकर चारों तरफ से ढक दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस पर स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर वॉल पेंटिंग भी करवाएगी। नगर पालिका द्वारा रात को भी मुख्य बाजारों में सफाई अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत एक दर्जन कर्मचारियों की ओर से रात से ही टोहाना रोड मेन बाजार फतेहाबाद रोड पर सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है।