Bhiwani: डाक कर्मी ने दोस्तों के साथ मिलकर की लाखों रुपये की लूट, फिर खुद पुलिस को दी सूचना, हुआ खुलासा
जिसने पुलिस को शिकायत दी थी उसी पोस्ट ऑफिस के कर्मी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गुत्थी को सुलझा लिया है। डिटेल में पढ़ें खबर...
विस्तार
बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव जमालपुर पोस्ट ऑफिस के बाहर लूट की वारदात को भिवानी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सुलझा दिया। लूट का मास्टर माइंड कोई और नहीं बल्कि खुद शिकायतकर्ता डाक कर्मचारी ही निकला, जिसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची और फिर उसे अंजाम भी दे डाला। भिवानी सीआईए प्रथम ने डाक कर्मचारी सहित उसके दो साथियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
डाक कर्मी पर था कर्ज
आरोपियों से वारदात में प्रयोग हथियार व लूट का सामान भी बरामद किया जाएगा। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों में मास्टर माइंड डाक कर्मी ने बताया कि उसने अपने ऊपर चढ़े डेढ़ लाख रुपये के कर्ज को चुकाने और दोस्तों के शौक पूरे करने के लिए वारदात को दोस्तों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से इस वारदात के जुड़े राज उगलवाने में जुटी है।
1 मई को हुई थी वारदात
उप-पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आर्यन चौधरी ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि एक मई को दो बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने पिस्टल प्वाइंट पर डाक कर्मचारी से चार लाख 66 हजार 629 रुपये की लूट को अंजाम दिया था। इस मामले की शिकायत गांव किरावड़ निवासी विकास ने बवानीखेड़ा पुलिस को दी थी, जो डाक विभाग में जीडीएस सहायक लगा हुआ था। उसने बताया था कि एक मई की सुबह 11 बजे वह जमालपुर पोस्ट ऑफिस के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर पीठू बैग लेकर अंदर गया था, लेकिन बाइक में ही चाबी भूल गया। इस दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उससे पीठू बैग छीन लिया। बाइक चलाने वाला हेलमेट पहने हुए था जबकि पीछे बैठे युवक ने कपड़े से अपना मुंह ढक रखा था। इस संबंध में बवानीखेड़ा पुलिस ने लूट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था।
बड़सी गांव से गिरफ्तार हुए आरोपी
डीएसपी आर्यन चौधरी ने बताया कि सीआईए प्रथम के इंचार्ज विशेष कुमार की टीम के के उप-निरीक्षक सुभाष ने गांव किरावड़ से भारतीय डाक सेवा में कार्यरत जीडीएस सहायक विकास से पिस्टल प्वाइंट पर लाखों रुपये छिनने के मामले में खुद शिकायतकर्ता विकास और उसके दो साथियों को गांव बड़सी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूछताछ में विकास ने बताया कि उसने अपने दो साथी अनीश व सुमित के साथ मिलकर डाक विभाग के लाखों रुपये लूटने की योजना बनाई थी।
ये भी पढ़ें: आधी रात घर में घुसे चोर: CCTV फुटेज आई सामने, कनपटी पर बंदूक रखकर लूट की वारदात को दिया अंजाम
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.