Haryana Crime: बदमाशों ने ऑटो चालक को बेरहमी से पीटा, एक लाख रुपये कैश और मोबाइट लूटकर फरार हुए आरोपी
ऑटो रिक्शा चालक नवीन के साथ तीन असामाजिक तत्वों ने बेरहमी से मारपीट कर रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। पीड़ित अस्पताल में भर्ती है जहां उसका इलाज चल रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गांव देवसर में ऑटो रिक्शा चालक नवीन के साथ तीन असामाजिक तत्वों ने बेरहमी से मारपीट कर रुपये व मोबाइल फोन लूट लिया। कथित तौर पर डंडों से की गई पिटाई में नवीन को गंभीर चोटें आई हैं और उसे भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस वारदात में बदमाशों ने नवीन से एक लाख रुपये और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। घटना 30 अक्तूबर शाम छह बजे की है। लेकिन दो दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है।
जानकारी के मुताबिक घायल युवक नवीन देवसर गांव में ई-रिक्शा चलाता है। 30 अक्तूबर को वह भिवानी आ रहा था। गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे भिवानी मंडी में किसी व्यक्ति को देने के लिए एक लाख रुपये की राशि सौंपी थी। ऐसा संदेह है कि इस पैसे की भनक गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों को लग गई। शाम करीब चार बजे नवीन लोहारू रोड पर देवसर से पहले गंदे नाले के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार गांव के ही तीन असामाजिक तत्वों ने उसे रोका।
बदमाशों ने नवीन पर डंडों से हमला किया, जिसमें उसके हाथ की उंगली और पांव में गंभीर चोटें आईं। पिटाई के बाद बदमाश नवीन से एक लाख रुपये और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। नवीन को घायल अवस्था में उसके भतीजे मंगल ने देखा, जो पास में ही पुरानी गाड़ियों में रंग-रोगन का काम कर रहा था। मंगल तुरंत नवीन को उठाकर भिवानी के नागरिक अस्पताल लेकर आया। मामले की सूचना तुरंत जूई पुलिस थाने को दी गई।
जूई थाने के जांच अधिकारी (आईओ) सुरेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल नवीन के बयान दर्ज किए और परिवार को निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार ने न्याय की मांग करते हुए जन संघर्ष समिति भिवानी के संयोजक और भिवानी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी व माकपा नेता कॉमरेड ओमप्रकाश से संपर्क किया। सूचना मिलते ही कॉमरेड ओमप्रकाश, सीटू जिला सचिव एवं संघर्ष समिति के सह-संयोजक अनिल कुमार, राजाराम और अमीर सिंह तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने नवीन और उसके परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली।
कॉमरेड ओमप्रकाश ने मौके से ही जूई थाने के इंचार्ज से बात की। उन्होंने शीघ्र निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और छीनी गई राशि व मोबाइल फोन नवीन को तुरंत दिलवाने की मांग की। उन्होंने इस वारदात को सरेआम गुंडागर्दी का मामला बताते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा है। कॉमरेड ओमप्रकाश ने पुलिस अधीक्षक से भी इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस रिमांड लेकर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने और लूटे गए माल की बरामदगी पर जोर दिया।