यूपीजेईई: पहली बार ऑनलाइन होगी प्रवेश परीक्षा, डेढ़ घंटा पहले पहुंचना होगा केंद्र
पांच दिनों तक चलने वाली परीक्षा में शामिल होंगे 24985 अभ्यर्थी, डेढ़ घंटा पहले पहुंचे, 10 केंद्रों पर होगी परीक्षा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश के राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी पॉलिटेक्निक संस्थाओं में प्रवेश के लिए उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से यूपीजेईई-2021 का आयोजन 31 अगस्त से चार सितंबर तक तीन पालियों में होगा। इसके लिए गोरखपुर में 10 ऑनलाइन केंद्र बनाए गए हैं। जहां 24985 अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को केंद्र पर परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटा पूर्व पहुंचना होगा।
प्रवेश परीक्षा का प्रथम नोडल अधिकारी राजकीय महिला पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार और द्वितीय नोडल अधिकारी राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य एके मिश्रा को बनाया गया है। पांच दिनों तक आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा तीन पालियों में सुबह आठ से साढ़े दस, दोपहर 12 से ढाई और शाम चार से साढ़े छह बजे तक होगी। अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर परिषद की वेबसाइट jeecup.nic.in पर ऑनलाइन मॉक टेस्ट दे सकते हैं।
सूबे में 147 राजकीय पॉलिटेक्निक, 19 सहायता प्राप्त और 1200 से अधिक स्ववित्तपोषित पॉलिटेक्निक मौजूद हैं। गोरखपुर में ही तीन सरकारी और एक अनुदानित पॉलिटेक्निक में करीब सात हजार से अधिक सीटें मौजूद हैं। कोविड महामारी के चलते प्रवेश परीक्षा का आयोजन अगस्त में किया जा रहा है। परिषद की ओर से पूर्व में 9 से 14 सितंबर के बीच कराने का फैसला लिया था। मगर सत्र लेट होने से बचाने के लिए परिषद ने प्रवेश परीक्षा के कार्यक्रम को बदला है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
साईं कृपा ऑनलाइन सेंटर, जंगल सुभान अली, विमल महिला महाविद्यालय पादरी बाजार, मोनेंटो वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड आजाद चौक, आयुष ऑनलाइन सेंटर जेल बाईपास रोड, शिव ऑनलाइन सेंटर संतोष नगर, कैविलियर अनिमेशन बरगदवां क्रासिंग, वैष्णवी डिजिटल जोन, श्रृष्टि ऑनलाइन, बीआईटी गीडा, गोल्डन फ्युचर प्वाइंट
प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम
31 अगस्त से 2 सितंबर तक ग्रुप ए, 3 सितंबर को ग्रुप ई 1 और ई2 और चार सितंबर को ग्रुप बी, सी,डी, एफ,जी, एच और आई, के 1, के 2, के 3, के 4, के 5, के 6, के 7 और के 8 ग्रुप की परीक्षाएं होंगी।
मॉस्क लगाना अनिवार्य, कक्षा में ले जा सकेंगे सैनिटाइजर
प्रवेश परीक्षा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए मॉस्क लगाना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष के अंदर एडमिट कार्ड, पहचान पत्र, पेन के साथ सैनिटाइजर को ले जाने की अनुमति होगी।