UP: खेत में पॉलीथिन से बंधा मिला संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ग्रामीण उसे देख सन्न, जांच एजेसियों ने की छानबीन
जांच एजेंसियों ने पॉलीथिन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को कब्जे में ले लिया है। आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।
विस्तार
महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत करमहिया गांव के सिवान स्थित एक खाली खेत में शुक्रवार को लोगों ने पॉलीथिन से बंधा संदिग्ध इलेक्ट्रॉनिक उपकरण देखा। उसके बाद लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर बाद उपकरण को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। वहीं मामला गंभीर देख ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद तत्काल मौके पर पुलिस पहुंच गई। कुछ ही देर बाद डॉग स्क्वायड, आईबी सहित कई अन्य जांच एजेंसियों की टीम पहुंच गईं। जहां पर टीम ग्रामीणों से पूछताछ के आधार पर जांच में जुट गईं।
जानकारी के मुताबिक, करमहिया निवासी कुछ लोग एक साथ खेत की तरफ कृषि कार्य करने के लिए जा रहे थे। अभी वह लोग डॉ. रमजान अली के खाली खेत के पास पहुंचे थे। इसी बीच अचानक उनकी नजर करीब 10 मीटर लंबी पॉलीथिन के साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पड़ी। उसके बाद वह लोग सन्न हो गए। फिर इन लोगों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि घनश्याम यादव को दी।
कुछ ही देर बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने पुलिस के पहुंचने से पहले नजदीक जाकर देखा तो पता चला कि करीब 10 मीटर लंबी पॉलीथिन के साथ सेंसर, सोलर पैनल, तीन सफेद रंग के सेल, पॉलीथिन के एक सिरे से दूसरे सिरे को तांबे के तार से जोड़ा गया था। उसके बाद वह लोग कई तरह की आशंका जताने लगे।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम के अलावा झूलनीपुर और ठूठीबारी एसएसबी के डॉग स्क्वाड की टीम, ठूठीबारी के आईबी सुनील पांडेय सहित कई सुरक्षा एजेंसियां के सदस्य मौजूद रहे। जांच में मौके पर कोई विस्फोटक सामाग्री नहीं मिली है। फिलहाल पॉलीथिन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को कब्जे में लेकर आगे की जांच पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बीवी की आपबीती: सात साल पहले निकाह, शौहर के जेठ की साली से थे संबंध, 25 अप्रैल को जो हुआ उससे टूट गई शहनाज