गोरखपुर: ब्लैक फंगस से पीड़ित सपा पार्षद प्रतिनिधि व अन्य मरीज की एक-एक आंख खराब, लखनऊ रेफर
दोनों को लखनऊ रेफर किया गया, पार्षद प्रतिनिधि ने केजीएमयू के चिकित्सकों को दिखाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में कोरोना के बाद ब्लैक फंगस की चपेट में आए शहर के सपा पार्षद के प्रतिनिधि व एक अन्य मरीज की एक-एक आंख खराब हो गई है। 50 वर्षीय व्यक्ति की स्थिति गंभीर बताई जा रही है जबकि पार्षद प्रतिनिधि की हालत स्थिर है। दोनों को लखनऊ रेफर किया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक आंख का ऑपरेशन करना पड़ेगा, तभी मरीजों की हालत में सुधार संभव है।
गोरखपुर में ब्लैक फंगस के मरीज बढ़े हैं। इसी बीच शुक्रवार को महिला पार्षद के प्रतिनिधि (पति) को दाहिनी आंख में दिक्कत होने लगी। इसके बाद प्रतिनिधि ने शहर के एक निजी चिकित्सक से संपर्क साधा और इलाज करने की बात कही। चिकित्सक ने ब्लैक फंगस होने की बात कही और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल लखनऊ के केजीएमयू जाकर इलाज कराने की सलाह दी।
चिकित्सक के मुताबिक पार्षद प्रतिनिधि कोरोना संक्रमित रह चुके हैं। अब ब्लैक फंगस की चपेट में आ गए हैं। इसका इलाज लखनऊ में ही संभव है। देर रात पार्षद प्रतिनिधि केजीएमयू पहुंच गए। केजीएमयू के चिकित्सकों ने इमरजेंसी में पार्षद प्रतिनिधि को देखा है। अब उन्हें भर्ती करके इलाज किया जाएगा। पार्षद प्रतिनिधि ने खुद दाहिनी आंख से न दिखने की पुष्टि की है।
दूसरी तरफ 50 वर्षीय दूसरे मरीज की तबीयत ज्यादा खराब बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मरीज की एक आंख पूरी तरह से खराब हो गई है। साथ ही संक्रमण दिमाग तक पहुंच गया है। परिजनों ने मरीज को पहले एम्स, नई दिल्ली ले जाने का प्रयास किया लेकिन बेड की व्यवस्था नहीं हो सकी। गोरखपुर में भी एडवांस उपचार की व्यवस्था नहीं मिली।
मदद को आगे आए भाजपा सांसद रवि किशन
लिहाजा, मरीज को लखनऊ के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक 50 वर्षीय व्यक्ति को कोरोना हुआ था। सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑक्सीजन देने के बाद हालत में सुधार हुआ तो डिस्चार्ज कर दिए गए। घर जाने के बाद ही ब्लैक फंगस के लक्षण मिलने लगे।
पहले नाक से काला पानी आया, फिर आंखें लाल हो गईं। तेज दर्द होने लगा। चेहरे में सूजन आ गई। जबड़ों में भी दर्द की शिकायत हुई। इसी बीच एक आंख से दिखना बंद हो गया। इससे घबराए परिजनों ने डॉक्टरों से संपर्क साधा लेकिन कोई खास राहत नहीं मिल सकी है।
ब्लैक फंगस से पीड़ित सपा पार्षद प्रतिनिधि की मदद को शहर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रवि किशन आगे आए हैं। सांसद ने मामले में केजीएमयू लखनऊ के चिकित्सकों से मोबाइल फोन बात की है। साथ ही अपने पीआरओ पवन दुबे को मदद में लगाया है। वह चिकित्सकों से बात करके सपा पार्षद प्रतिनिधि की मदद कर रहे हैं। पार्षद प्रतिनिधि की हालत स्थिर बताई जा रही है। केजीएमयू के वरिष्ठ चिकित्सक पार्षद प्रतिनिधि को देख रहे हैं।