Exclusive: आईटीआई में होगी स्मार्ट हेल्थ केयर की पढ़ाई, 50 सीटों पर होगा प्रवेश
प्राइमरी हेल्थ केयर में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की मरम्मत और उसकी निगरानी छात्र सीखेंगे। दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स के संचालन को लेकर आईटीआई चरगांवा ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। अगस्त से नया बैच प्रारंभ करने की तैयारी चल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चरगांवा में अब विद्यार्थियों को स्मार्ट हेल्थ केयर की भी पढ़ाई कराई जाएगी। इससे आईटीआई के विद्यार्थियों को मेडिकल के क्षेत्र में भी रोजगार के और बेहतर विकल्प मिलेंगे। वहीं, देश की चिकित्सकीय प्रणाली भी मजबूत होगी। दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स के संचालन का प्रस्ताव आईटीआई चरगांवा ने शासन को भेजा है।
कोर्स के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्राइमरी हेल्थ केयर में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की मरम्मत और उसकी निगरानी के गुर सिखाए जाएंगे। सत्र 2022-23 में 50 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। अगस्त तक प्रवेश प्रक्रिया को पूरा कर कक्षाओं का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। कोरोना महामारी के दौर में देश के प्राइमरी हेल्थ केयर सुविधाओं को और मजबूत बनाने की जरूरत महसूस हुई।
खासकर, जब अचानक ही पूरे देश में मास्क, सैनिटाइजर, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीमीटर सरीखे अन्य उत्पादों की बड़ी मात्रा में आवश्यकता पड़ी। जिसके बाद से सरकार ने इस क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की मरम्मत के लिए तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को तैयार करने का मन बनाया है। सरकार के निर्देश पर ही प्रदेश भर के आईटीआई में स्मार्ट हेल्थ केयर पर कोर्स प्रारंभ किए जाने की योजना बनाई गई है। विद्यार्थियों को प्रवेश 10वीं की मेरिट के अनुसार प्रवेश मिलेगा।
इन उपकरणों की मरम्मत के गुर सीखेंगे विद्यार्थी
स्टेरेलाइजर, ऑडियोमीटर, टिप्नोमीटर, वाइटल साइन मॉनिटर, ब्लड प्रेशर मॉनीटर, थर्मोमीटर, पल्स ऑक्सीमीटर, बॉडी वेट स्केल्स, हाईट राड, व्हील चेयर, बेड स्केल्स, माइक्रोवेव, कॉफी मेकर, रेफ्रीजरेटर, कार्ट, कंप्यूटर, प्रिंटर, एस्पीरेटर, ऑक्सीजन, लेबोट्ररी के उपकरण, ग्लव्स, एप्रन, फेस मास्क, स्टेथोस्कोप, टेलीफोन, टेलीविजन, वॉटर फिल्टर सिस्टम समेत अन्य उपकरणों की मरम्मत सिखाई जाएगी।
आईटीआई चरगांवा प्रधानाचार्य सत्यकांत ने बताया कि आईटीआई चरगांवा में स्मार्ट हेल्थ केयर पर दो वर्षीय पाठ्यक्रम चलाने का निर्देश शासन से मिला है। कोर्स को तैयार कराकर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। 50 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। अगस्त से बैच की शुरुआत होगी।