देवरिया में 12 घंटे में मिले 18 कोरोना पॉजिटिव, जिले में संक्रमितों की संख्या हुई 120
- कोविड-19 अस्पताल में किया गया भर्ती, क्वारंटीन सेंटर के बजाए घर पर रह रहे थे संक्रमित
- दस दिन में तेजी से बढ़ी संक्रमितों की संख्या, 34 हुए ठीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवरिया जिले में बुधवार की रात से बृहस्पतिवार की सुबह तक 12 घंटे के अंतराल में 18 कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 120 तक पहुंच गई है। उधर, 34 से अधिक लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। संक्रमितों में सीआरपीएफ का जवान एवं दो स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं।
रिपोर्ट में भाटपाररानी के सिरसिया मिश्र गांव में दो पॉजिटिव पाए गए हैं। 23 वर्षीय युवक मुंबई से 10 मई को कतरवा हरदो गांव निवासी अपने जीजा के साथ लखनऊ तक ट्रेन से और लखनऊ से बस से घर आया। क्वारंटीन सेंटर में रहने के बजाए घर पर रह रहा था। दो दिन पूर्व इसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसके जीजा को भी क्वारंटीन सेंटर पर जांच के लिए भेजा गया है।
सिरसिया मिश्र गांव के ही दिल्ली से आए युवक की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। देवरिया सदर के बांकी खोराराम गांव का 25 वर्षीय युवक चेन्नई में काम करता था। 22 मई को ट्रेन से गोरखपुर आया और बस से सोनूघाट पहुंचा। यहां से अपने भाई के साथ बाइक से घर गया। इसके साथ कुशीनगर के दो युवक देवरिया तक आए।
तरकुलवा के सिरवनिया गांव का 38 वर्षीय युवक मुंबई में रहता था। 20 मई को ट्रेन से बलरामपुर, यहां से बस से सोनूघाट आया। अपने गांव के स्कूल में क्वारंटीन था। रुद्रपुर के खपड़हवा गांव निवासी 28 वर्षीय युवक गुजरात में काम करता था।
17 मई को ट्रेन से गोरखपुर और यहां से बस से देवरिया आया, थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उसे नंद पैलेस में क्वारंटीन कर दिया गया। सदर ब्लॉक के पिपरा चंद्रभान गांव का 25 वर्षीय युवक मुंबई से 25 मई को ट्रेन से बस्ती तक आया। वहां से बस द्वारा देवरिया पहुंचा और गांव के स्कूल में क्वारंटीन था। साथ में इसका भाई और गांव का एक युवक आए हैं।
बाहरियों ने बढ़ाई चिंता
कुशीनगर नगर के फाजिलनगर ब्लॉक के सठियांव गांव का 35 वर्षीय युवक तरकुलवा सीएचसी पर वार्ड ब्वॉय है। इसी अस्पताल पर स्वीपर पद पर पथरदेवा गांव का 56 वर्षीय शख्स काम करता है। दोनों की ड्यूटी सैंपल कलेक्शन सेंटर पर लगी थी। जांच में दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। देसही देवरिया ब्लॉक के जंगल बेलवा गांव निवासी (42) शख्स युवक मुंबई में फल विक्रेता है।
17 मई को ट्रक से शाहगंज तक आया। वहां से बस से आजमगढ़ होते हुए देवरिया आया। गांव के स्कूल में क्वारंटीन था। सदर ब्लॉक के परसिया मल्ल गांव निवासी 29 वर्षीय युवक दिल्ली से 27 मई को ट्रेन से देवरिया पहुंचा। स्टेशन से पैदल अपने गांव पहुंचा और स्कूल में क्वारंटीन हो गया। 30 मई को इसका सैंपल लेने के बाद अक्षय वाटिका मैरिज हाल में रखा गया था।
देसही देवरिया ब्लॉक के हरखौली गांव का 19 वर्षीय युवक 14 मई को ट्रक से मऊ आया, मऊ से मैजिक से देवरिया पहुंचा। देवरिया से टेंपो से गांव पहुंचकर स्कूल में क्वारंटीन हुआ। तरकुलवा के पकड़ी छापर गांव में दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
40 वर्षीय महिला हरियाणा के गुड़गांव से बस से गांव आई और अपने घर पर रहने लगी। यहीं का एक युवक भी जांच में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। भटनी के सिंगही डीह गांव का 43 वर्षीय शख्स 14 मई को टेंपो से अपने साथियों के साथ मुंबई से घर आया। टेंपो में चार लोग सवार थे, जो कुुकुरघांटी के रहने वाले हैं।
सील किए गए संक्रमितों के गांव
परसिया भंड़ारी गांव निवासी 36 वर्षीय युवक 27 मई को चेन्नई से बस से सोनूघाट आया। थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद पैदल घर चला गया। इसके साथ 13 लोग आए हैं। बरहज के गौरा जयनगर का रहने वाला 31 वर्षीय शख्स दिल्ली से 25 मई को ट्रेन से देवरिया आया। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बस से बरहज गया।
डॉक्टरों के मना करने के बावजूद वह अपने घर पहुुंचा और स्नान किया और कपड़ा साफ किया। इसके बाद स्कूल में क्वारंटीन हुआ। इसके परिवार में 14 लोग हैं। सभी को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा गौरीबाजार कौना लक्ष्मण गांव का भी युवक संक्रमित पाया गया है।
देवरिया। जिस गांव में कोरोना संक्रमित मिले। उस गांव को पुलिस ने प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में सील कर दिया। गांव का सैनिटाइज कराया जा रहा है। भाटपाररानी के सिरिसिया मिश्र गांव में दो संक्रमित मिलने से यहां पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, सिंगही डीह गांव के शख्स से साथ आए कुकुरघांटी गांव के चारों लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। इस गांव को भी सील किया जाएगा।
बुधवार की रात एवं बृहस्पतिवार की दोपहर में आई रिपोर्ट में 18 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। सभी को सेंट्रल एकेडमी कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज शुरू कर दिया गया है। इनके संपर्क में रहने वालों का पता आशा वर्करों के माध्यम से लगाया जा रहा है। -सीएमओ, डॉ. आलोक पांडेय।