{"_id":"66a585fe195d211fb9027256","slug":"i-told-about-the-threat-to-life-but-the-opponents-gave-it-a-political-color-gorakhpur-news-c-7-gkp1038-634739-2024-07-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gorakhpur News: मैंने तो जान का खतरा बताया पर विरोधियों ने दे दिया राजनीतिक रंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gorakhpur News: मैंने तो जान का खतरा बताया पर विरोधियों ने दे दिया राजनीतिक रंग
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह बोले-एसटीएफ की जांच से सच सामने आ जाएगा
दो जनप्रतिनिधियों ने हत्या की साजिश की सूचना देकर किया था अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंपियरगंज के भाजपा विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि उन्होंने तो अपनी जान का खतरा बताकर जांच कराने की मांग की थी, लेकिन विरोधियों ने इसे राजनीतिक रंग दे दिया। हकीकत यह है कि दो जनप्रतिनिधियों ने उन्हें फोन करके हत्या की साजिश के बारे में अलर्ट किया था। एसटीएफ की जांच से सच सामने आ जाएगा।
लखनऊ से लौटने के बाद भाजपा विधायक शुक्रवार को शहर में अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने अपनी जान के खतरे के मामले में सीएम योगी से मुलाकात के बारे में जानकारी दी। जब पत्रकारों ने पूछा कि उन्हें अलर्ट करने वाले जनप्रतिनिधि कौन हैं, तो उन्होंने कहा-नाम नहीं ले सकता हूं, क्योंकि यह जांच का विषय है।
विज्ञापन
विधायक ने कहा कि इस मामले में एक व्यक्ति ने एसओ के सामने गवाही दी थी, लेकिन एसओ का ट्रांसफर कर दिया गया। अब गवाह डरा हुआ है कि कहीं शूटर उसी की न जान ले लें। सारी जानकारी मुख्यमंत्री को दे दी है। उन्हीं के निर्देश पर एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
प्रदेश भाजपा में चल रही सियासत की ओर संकेत करते हुए विधायक ने कहा-मैंने गलत समय पर अपनी सुरक्षा का मुद्दा उठा दिया। ऐसे में इस मामले को अलग रंग दे दिया गया। मैं तो सीएम योगी आदित्यनाथ के सम्मान में हमेशा खड़ा रहा हूं और आगे भी रहूंगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से भाजपा संगठन और उपचुनाव पर भी बात हुई है। प्रदेश में दस विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने जा रहा है। इन सभी सीटों पर भाजपा जीतेगी। भाजपा में चल रही उठापटक पर विधायक ने कहा कि किसी को समस्या है तो उसे उचित फोरम पर अपनी बात रखनी चाहिए।
समर्थकों ने उत्साह में लगा दिए बैनर, मना किया तो हटाया
कैंपियरगंज से लेकर शहर तक समर्थन में लगाए गए बैनर पर भाजपा विधायक ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कुछ लोगों ने गलत बयानबाजी शुरू की तो समर्थकों ने उत्साह में बैनर लगवा दिए। दो दिन पहले उन्हें पता चला तो मना किया। इसके बाद से समर्थकों ने बैनर हटवा दिए। समर्थकों से कहा है कि बजट पर बैनर लगवाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास कार्यों को जनता को बताएं।