गोरखपुर: गीडा में लगेगा ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट, 1200 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होगी डिस्टिलरी
मेसर्स केयान डिस्टिलरीज को गीडा प्रशासन ने आवंटित की जमीन, करीब 1200 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होगी डिस्टिलरी, करीब दो हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गीडा में ग्रेन बेस्ड (चावल और मक्का आधारित) इथेनॉल प्लांट लगेगा। इंडियन ऑयल के साथ मिलकर बलिया की कंपनी मेसर्स केयान डिस्टिलरी इस प्लांट की स्थापना करेगी। वहीं लगाए जा रहे इस संयंत्र में हरेक दिन करीब 3.50 लाख लीटर इथेनॉल का उत्पादन होगा। साथ ही डिस्टिलरी प्लांट में देसी और अंग्रेजी शराब के अलावा बीयर का भी उत्पादन होगा। इस प्लांट के निर्माण के बाद करीब दो हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
बलिया में राइस मिल संचालित करने वाले विनय कुमार सिंह देश-प्रदेश की सबसे बड़ी क्षमता का ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट गीडा में स्थापित करने जा रहे हैं। इसके लिए गीडा प्रशासन ने 20 एकड़ जमीन आवंटित कर दी है। विनय कुमार सिंह का इस प्लांट की स्थापना के लिए इंडियन ऑयल के साथ अनुबंध (एमओयू) हो चुका है। इसके अलावा शासन ने भी इस प्लांट की स्थापना के लिए मंजूरी दे दी है।
दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा प्लांट
गीडा में बनने वाला मेसर्स केयान डिस्टिलरी प्लांट 18 से 24 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। ग्रेन बेस्ड इथेनॉल प्लांट पर करीब 750 करोड़ रुपये और डिस्टिलरी प्लांट पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना है। यानी कुल 1200 रुपये की लागत से इस प्लांट की स्थापना होगी।
15 मेगावाट बिजली का भी होगा उत्पादन
इस डिस्टिलरी प्लांट में करीब 15 मेगावाट बिजली का भी उत्पादन होगा। प्लांट में खर्च होने के बाद अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजा जाएगा। इससे भी प्लांट को आमदनी होगी।
बिहार के अलावा बंगाल से आएगा चावल
इस प्लांट में मुख्य रूप से चावल, जौ और मक्का का इस्तेमाल होगा। ऐसे में इसके लिए कच्चे माल के तौर पर चावल और मक्का बिहार और बंगाल से आएगा। मुख्य रूप से बिहार के गुलाबबाग इलाके से चावल की आपूर्ति होगी।
केयान डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड एमडी विनय कुमार सिंह ने कहा कि एशिया का सबसे बड़ा इथेनॉल प्लांट गोरखपुर के गीडा में स्थापित होगा। इंडियन ऑयल के साथ इसके लिए करार हो चुका है। हरेक दिन करीब 3.50 लाख लीटर इथेनॉल का उत्पादन होगा। इसके अलावा डिस्टिलरी प्लांट में शराब और बीयर आदि का भी उत्पादन होगा। दोनों प्लांट पर करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गीडा सीईओ पवन अग्रवाल ने कहा कि बलिया के उद्यमी गोरखपुर में इथेनॉल प्लांट लगा रहे हैं। उन्हें जमीन आवंटित कर दी गई है। इस प्लांट की स्थापना से करीब दो हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।