गोरखपुर: मानबेला क्षेत्र में सीबीडी विकसित करेगा जीडीए, ले-आउट तैयार
एक ही स्थान पर आवास व व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी सुविधा मिलेगी। मानबेला में ही पत्रकारपुरम परियोजना के सामने शहर का सबसे बड़ा माल बनेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आने वाले कुछ वर्षों में मानबेला क्षेत्र की सूरत ही बदल जाएगी। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस क्षेत्र के सुनियोजित विकास की योजना तैयार करनी शुरू कर दी है। प्राधिकरण मानबेला में पत्रकारपुरम आवासीय परियोजना के पास खाली पड़ी भूमि पर कामर्शियल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) विकसित करने का निर्णय लिया है। इसका ले-आउट भी तैयार कर लिया गया है।
सीबीडी में एक ही स्थान पर लोगों को आवास से लेकर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान व जरूरी सुविधाएं मिलेंगी। जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने सचिव उदय प्रताप सिंह व मुख्य अभियंता पीपी सिंह के साथ सोमवार की शाम इस क्षेत्र का निरीक्षण कर ले-आउट के आधार पर चर्चा की और कई दिशा निर्देश दिए।
पत्रकारपुरम के सामने की जमीन पर शहर का सबसे बड़ा कामर्शियल माल बनाया जाएगा। इसका नाम होगा सीबीडी कांप्लेक्स। इस माल में सभी तरह की दुकानें एवं फूड कोर्ट होगा। साथ ही निजी कार्यालय के लिए स्थान भी मुहैया कराई जाएगी। बगल में खाली जमीन पर सीबीडी अपार्टमेंट बनाए जाएंगे।
इसी के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना से फर्टिलाइजर को जोड़ने वाली सड़क के पास एक सीबीडी पार्क भी बनाया जाएगा। जीडीए का मानना है कि सीबीडी विकसित होने के बाद इस पूरे क्षेत्र में बड़ा बदलाव दिखाई पड़ेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में जहां अल्प आय वर्ग के लोग रहेंगे वहीं पत्रकारपुरम में मध्यम वर्ग के लोगों के आवास होंगे। सीबीडी अपार्टमेंट में उच्च मध्य वर्ग के लोगों का आवास होगा।
डिजाइन नहीं बदली जा सकेगी
सीबीडी के तहत सीबीडी मॉल का निर्माण किसी निजी संस्था द्वारा किया जाएगा लेकिन पार्क एवं अपार्टमेंट का निर्माण प्राधिकरण स्वयं करेगा। तीनों का आर्किटेक्चरल डिजाइन कंट्रोल जीडीए के पास होगा। यानी जीडीए ही यह निर्धारित करेगा कि सीबीडी मॉल, पार्क एवं अपार्टमेंट की डिजाइन कैसी होगी।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि मानबेला में शहर का सबसे बड़ा माल बनाने की योजना पहले ही तैयार कर ली गई थी। अब यहां के विकास को और विस्तार दिया जा रहा है। इस क्षेत्र को सीबीडी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां आवासीय से लेकर वाणिज्यिक, हर तरह की सुविधा मिल सकेगी।