गोरखपुर: पुलिस पर फायरिंग कर मोबाइल और नकदी लूटकर पशु तस्कर फरार, तीन संदिग्धों को उठाया
आधी रात में गुलरिहा इलाके में घटना हुई, मौके पर चार थाने की फोर्स के साथ एसएसपी पहुंचे। तीन संदिग्धों को पुलिस ने उठाया है। पुलिसकर्मी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के सरैया बाजार में पिकअप सवार बेखौफ पशु तस्करों ने रविवार की आधी रात पुलिस की पीआरवी पर हमला कर गाड़ी में रखा मोबाइल और नकदी लूट ली। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग भी की।
घटना की सूचना पाते ही एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा, एसपी नार्थ मनोज अवस्थी चार थानों की फोर्स के साथ पहुंच गए और घेराबंदी की। पुलिस ने तीन संदिग्धों को उठा लिया है। पीआरवी के कमांडेंट की तहरीर पर पुलिस लूट, हत्या के प्रयास, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा और 7 सीएलए सहित कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की आधी रात में पीआरवी 0331 पर तैनात देवीशंकर यादव, महिला कांस्टेबल चन्द्रकला, वंदना और चालक राधेश्याम तिवारी ड्यूटी पर थे। इसी बीच सरैया बाजार में एक संदिग्ध पिकअप दिखी।
संदेह होने पर टीम ने सायरन बजाते हुए पिकअप को रोककर जांच करने का प्रयास किया तो उसमें से चार की संख्या में बदमाश निकले और पुलिस टीम पर हमला बोलते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसवालों के मुताबिक अपनी जान बचाने के लिए वे अपनी गाड़ी छोड़कर गांव की तरफ भाग गए। इसी बीच बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी में रखा मोबाइल फोन एवं पांच-छह सौ रुपये लूट लिए।
वहीं पुलिस पर हमले एवं फायरिंग की घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण शोर मचाते हुए दौड़े तो बदमाश पिकअप छोड़कर भाग निकले। घटना की सूचना पर एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए। इसके साथ ही आसपास के अन्य थानों की पुलिस टीम घटना स्थल पहुंच गई।
बदमाशों की पिकअप गुलरिहा पुलिस ने कब्जे में ले ली है। घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करते हुए जांच पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने क्राइम ब्रांच को भी तलाश में लगा दिया है।
दो दिन पहले शाहपुर पुलिस पर हुआ था पथरा, छह माह से आतंक
इसके पहले भी पुलिस टीम पर पशु तस्कर कई बार हमला कर चुके हैं। बीते शनिवार की रात शाहपुर पुलिस पर बदमाशों ने हमला कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके पहले कैंट इलाके में पीआरवी को पशु तस्करों ने क्षतिग्रस्त किया था। चिलुआताल, एयरफोर्स, इंजीनियरिंग कॉलेज, कोतवाली, तिवारीपुर और शाहपुर इलाके में भी पशु तस्कर पुलिस टीम के साथ ही आम लोगों पर भी हमला कर चुके हैं। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस कई बार प्रयास और घेरेबंदी कर चुकी है लेकिन तस्कर हर बार भागने में कामयाब रहे हैं।