यूपी चुनाव 2022: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सपा पर साधा निशाना, बोले- ये समाज को बांटने का काम करते हैं
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव में हम अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जा रहे हैं। हमारे पास सुशासन है, विपक्षियों के पास कुशासन है। हम कहते हैं गुड गवर्नेंस, वो कहते हैं बैड गवर्नेंस। उत्तर प्रदेश में अब फर्क साफ दिखता है। अब योजनाओं का पैसा सीधे लोगों के बैंक खाते में जाता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.जगत प्रकाश नड्डा ने बलिया से पहुंची जनविश्वास यात्रा के समापन समारोह में सोमवार को सपा, बसपा और कांग्रेस का बारी-बारी से नाम लेकर जमकर हमले किए। कहा कि वह आरोप लगाते हैं कि अखिलेश आंतंकियों के हिमायती हैं, उन्होंने जिन पंद्रह आतंकियों पर से केस वापस लेने की पैरवी की थी, उनमें से चार को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई, बाकी को आजीवन कारावास की सजा हुई। अखिलेश लोगों को धर्म-जाति के नाम पर बांटने की राजनीति करते हैं। नहीं तो देश को बांटने वाले जिन्ना का नाम लेने की क्या जरूरत थी। सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं तो अखिलेश ने आतंकियों को छोड़ने की पैरवी की। जबकि भाजपा सबका साथ, सबका विकास की बात करती है। मोदी और योगी सत्ता से चिपकने नहीं देश और प्रदेश का विकास करने आए हैं।
शहर के एपीएन पीजी कॉलेज के मैदान में बस्ती की धरती से महर्षि वश्ष्ठि, कबीर और वीर क्रांतिकारियों को नमन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संवाद स्थापित करते हुए अपनी बात शुरू की। आए लोगों से पूछा कि क्या अखिलेश और मायावती में जन विश्वास यात्रा निकालने की हिम्मत है। नहीं है। यह ताकत भाजपा में ही है, जो कहते हैं वह करते हैं। जो कहेंगे वह करेंगे। हमने लोगों को जोड़ा है, उन्होंने तोड़ा है। जिन्होंने हमारा समर्थन नहीं किया हमने उन्हें आयुष्मान की ठंडक दी। उन्होंने धर्म पर बांटा।
आगे कहा कि आज भी अखिलेश के लोग धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं। अखिलेश ने केवल परिवार का स्वार्थ सिद्ध किया और झूठे वायदे किए। उनका तंत्र गुंडाराज और माफियाराज की है। अखिलेश ने प्रदेश को क्या दिया, उनका अतीत याद करना होगा। योगी के आने के बाद जो वोट बैंक की राजनीति करते थे, उनकी हालत खराब कर हो गई। विकासवाद, वंशवाद, तुष्टीकरण सब के सब धराशायी हो गए। अब सबका साथ सबका विकास चल रहा है।
सीएम की तारीफ की
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि हम अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जा रहे हैं, उनके पास कुशासन है हमारे पास सुशासन है। अकेली भाजपा ही जिसके पास नेता हैं, नीति और नीयत है। कार्यकर्ता हैं। और किसी पार्टी के पास नहीं हैं। उनके पास कोई नेता नहीं है। बनेगा तो उनका युवराज बनेगा। यही परिवारवाद है। उनके साथ वह लोग हैं जो माफियाराज चाहते हैं, थाने और क्षेत्र बांटते हैं। मोदी के समय में पैसा सीधे खाते में जाता है। अखिलेश के जमाने में पैसा उनके खाने में जाता था। यह परिवर्तन है।
कहा कि अखिलेश कहते हैं तीन सौ यूनिट बिजली देंगे, यह वह कहते हैं जो प्रदेश को बिजली ही नहीं दे सके। मोदी ने देश के 18 हजार गांवों में एक हजार दिन में बिजली पहुंचाई। उत्तर प्रदेश में अस्सी लाख घरों में योगी सरकार ने बिजली पहुंचाई। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि कहती हैं कि लड़की हूं लड़ सकती कह कर नारी सशक्तिकरण की बात करने वालों को सत्तर सालों में महिलाओं की याद नहीं आई। 11 करोड़ घरों की महिलाएं खुले में शौच जाती थीं, तब उन्हें शर्म नहीं आई।
सपा पर साधा निशाना
कहा कि मायावती ने 21 मिले कौड़ियों के भाव बेच दी। अखिलेश के समय 11 बंद हो गईं। योगी के सरकार तीन मिले चलीं और 54 डिस्टीलरी चल रही हैं। सबसे ज्यादा गन्ने की खेती प्रदेश में हो रही है। सपा के पांच साल में सात सौ दंगे हुए। पलायन हुआ। मां-बेटियां घरों से निकल नहीं सकती थी। आज रात के बारह बजे भी घर से बाहर निकल सकती हैं। हम कुर्सी से चिपकने नहीं उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने आए हैं। मोदी के आशीर्वाद और योगी की तपस्या से यह सच हो रहा है। काशी में मोदी ने भव्य मंदिर निर्माण किया। जबकि अखिलेश 25 सितंबर 2017 को संतों पर लाठी चलवाई थी।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि परिवर्तन यात्रा में वादा किया था कि न गुंडाराज, न माफियाराज। उसे पूरा किया। आज बारह बजे रात में बेटी अपनी मां के साथ सुरक्षित घर पहुंच सकती है। इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष का माला पहनाकर व गदा प्रदान कर स्वागत किया। सभा का संचालन जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला ने किया।
सभा में पूर्व मंत्री शिव प्रताप शुक्ल, डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल, सांसद बस्ती हरीश द्विवेदी, क्षेत्रीय मंत्री धर्मेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद जय प्रकाश निषाद, राज्यमंत्री श्रीराम चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, सदर विधायक दयाराम चौधरी, विधायक हर्रैया अजय सिंह, विधायक कप्तानगंज सीए चंद्र प्रकाश शुक्ला, विधायक रुधौली संजय प्रताप जायसवाल, विधायक महादेवा रवि सोनकर, राम प्रकाश चौधरी उर्फ गिल्लम चौधरी, इं.वीरेंद्र मिश्र, शैलेंद्र सिंह रणबीर, जगदंबा सिंह, वीसी पांडेय, नितेश शर्मा आदि मौजूद रहे।