UP Election 2022: कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए 24 नोडल अधिकारी नियुक्त, विधानसभा चुनाव में सौंपी गई जिम्मेदारी
अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के पोलिंग बूथ की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव ड्यूटी में लगे प्रत्येक कर्मचारी से प्रीकॉशन डोज लेने अपील की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर में छठे चरण के लिए तीन मार्च को होने वाले मतदान के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का पालन अनिवार्य तौर पर कराया जाएगा। इसे लेकर सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दूबे ने 24 नोडल अधिकारी नामित किए हैं, जो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों को संभालेंगे। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में लगे प्रत्येक कर्मचारी से कोरोनारोधी टीके की प्रीकॉशन डोज लेने की अपील भी की है।
सीएमओ ने बताया कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर कोविड हेल्प डेस्क का सक्रियता से संचालन हो, इसके लिए सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के नोडल अधिकारी तय कर जिम्मेदारी दी गई है। यह अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि उनके क्षेत्र के सभी पोलिंग बूथ पर आशा कार्यकर्ता इंफ्रारेड थर्मल स्कैनर, ग्लब्स, मास्क, सैनिटाइजर और पीपीई किट के साथ मौजूद रहें। जिले के सभी 2,078 पोलिंग बूथ पर एक-एक आशा कार्यकर्ता रहेंगी और वह मतदाताओं की थर्मल स्कैनिंग करेंगी। उनके पास मेडिसिन किट भी उपलब्ध रहेगी।
सभी पोलिंग पार्टी के लिए जिला प्रशासन को 4,200 मेडिकल किट उपलब्ध कराया जाएगा। पोलिंग पार्टी के रवानगी स्थल पर भी एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती की जाएगी। कहा कि कोरोना के मामले कम हुए हैं, लेकिन अभी कोरोना पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है। इससे बचाव के दो प्रमुख उपाय हैं। पहला उपाय है कि सभी पात्र लोग कोरोनारोधी टीका जरूर लगवाएं। दूसरा उपाय है कि टीकाकरण के बाद भी कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करें।
जिला स्तर पर तीन नोडल को दी गई जिम्मेदारी
सीएमओ ने बताया कि नोडल अधिकारी एंबुलेंस डॉ नंद कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एएन प्रसाद और जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। यह लोग मतदान कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवा संबंधित सहयोग उपलब्ध करवाएंगे और कोरोना टीकाकरण एवं कोविड प्रोटोकाल का पालन सुनिश्चित कराएंगे। नोडल अधिकारी एंबुलेंस की देखरेख में मतदान के दिन जिले के अलग-अलग स्थानों पर 99 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सभी मतदानकर्मियों का कोरोना टीकाकरण सुनिश्चित कराएंगे। मतदानकर्मी और सुरक्षाबलों के कैशलेस उपचार की सुविधा भी डॉ एएन प्रसाद देखेंगे।
यह सुविधाएं भी रहेंगी उपलब्ध
- बूथ पर आवश्यकतानुसार व्हील चेयर उपलब्ध कराई जाएगी।
- चुनाव अवधि में सभी सरकारी अस्पताल आकस्मिक सेवा के लिए तैयार रखे जाएंगे।
- बॉयोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी।
- कोरोना के लक्षणयुक्त लोगों को पीपीई किट के साथ मतदान की सुविधा दी जाएगी।