Video: चलती कार में लगी आग, ड्राइवर ने ऐसे बचाई जान; आप भी अपनाए यही तरीका
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी अन्य वाहन को नुकसान पहुंचा। हालांकि कार का अगला हिस्सा आग की चपेट में आने से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
विस्तार
ग्रेटर नोएडा की बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रविवार रात एक चलती कार में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार कार चालक गैलेक्सी विला से चार मूर्ति की ओर जा रहा था। इसी दौरान कार में शॉर्ट सर्किट हो गया। जिससे देखते ही देखते वाहन के इंजन हिस्से से धुआं निकलने लगा और आग भड़क उठी। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सड़क किनारे कार रोक दी और तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आसपास मौजूद लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर मदद करने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। फायर कर्मियों ने आधे घंटे में आग को पूरी तरह बुझा दिया। जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी अन्य वाहन को नुकसान पहुंचा। हालांकि कार का अगला हिस्सा आग की चपेट में आने से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। मीडिया सेल के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। कुछ समय के लिए यातायात को नियंत्रित किया गया। ताकि फायर ब्रिगेड अपना कार्य सुचारू रूप से कर सके। आग बुझने के बाद वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात को पूरी तरह सामान्य कर दिया गया।