{"_id":"6acc84c3814433bdd4079f84","slug":"escalation-in-dispute-between-doctor-and-staff-nurse-at-gims-action-demanded-against-the-nurse-2026-10-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"ग्रेनो: जिम्स में थप्पड़ कांड पर रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया हंगामा, आरोपी नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ग्रेनो: जिम्स में थप्पड़ कांड पर रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया हंगामा, आरोपी नर्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Mon, 12 Oct 2026 12:27 PM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा
अमर उजाला नेटवर्क, ग्रेटर नोएडा
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Mon, 12 Oct 2026 12:27 PM IST
विज्ञापन
रेजिडेंट डॉक्टरों ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में डॉक्टर और स्टाफ नर्स के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ गया है। शनिवार को हुए विवाद के बाद सोमवार को रेजिडेंट डॉक्टरों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे एसीपी डॉ. रवि शंकर का भी डॉक्टरों ने घेराव किया। डॉक्टरों ने आरोपी नर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर हड़ताल की चेतावनी दी है। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले में पुलिस ने डॉक्टर राहुल सिंह की तहरीर पर स्टाफ नर्स नीतू चपराना सहित तीन के खिलाफ प्राथमिकी पहले ही दर्ज कर ली है। वहीं नर्स को निलंबित किया जा चुका है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत डिस्चार्ज समरी को लेकर महिला डॉक्टर पल्लवी और स्टाफ नर्स के बीच कहासुनी से हुई थी। इस दौरान जूनियर डॉक्टर राहुल सिंह ने हस्तक्षेप किया तो उनकी भी नर्स से बहस हो गई। आरोप है कि कहासुनी के दौरान नर्स ने राहुल सिंह को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मामला बढ़ गया। आरोप यह भी है कि विवाद के बाद बाहरी युवकों को बुलाकर अस्पताल परिसर में डॉक्टर के साथ मारपीट की गई। हालांकि, इस आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
विज्ञापन
घटना के बाद अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टरों ने विरोध जताते हुए आरोपी नर्स को निलंबित करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन का कहना है कि डॉक्टरों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। संगठन ने मांग पूरी नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। डॉक्टर राहुल सिंह की तहरीर पर नर्स नीतू चपराना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
इससे पहले रविवार को इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इससे पहले रविवार को भी जनरल वार्ड में मरीजों को नहीं देखा गया था। हालांकि आपातकालीन सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा था।