गुरुग्राम। संयुक्त किसान मोर्चा गुरुग्राम ने कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों के आह्वान पर 27 दिसंबर को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के दौरान ताली, थाली व घंटी बजाने की तैयारी शुरू कर दी है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को एक बैठक में इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। वह पूरे शहर में मार्च करते हुए ताली, थाली व घंटी बजाएंगे। मोर्चा के अध्यक्ष संतोख सिंह ने बताया कि मोर्चा के सदस्य, किसान, मजदूर व अन्य व्यक्ति कमान सराय से डाकखाना चौक होते हुए सदर बाजार से सोहना चौक तक ताली, थाली व घंटी बजाते हुए जाएंगे। उन्होंने गुरुग्राम निवासियों से अपील की है कि वह अपने-अपने घरों में रह कर ताली थाली व घंटी बजाकर किसानों की मांगों का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानून जन विरोधी है।
इस कारण नए कृषि कानून रद्द किए जाए। बैठक में पार्षद आरएस राठी, गजे सिंह कबलाना, बीरू सरपंच, सतबीर सिंह संधु, डॉक्टर धर्मबीर राठी, नवनीत रोज आदि ने कहा कि केंद्र सरकार संवेदनहीन हो गई है। दिसंबर माह में खुले आसमान के नीचे कड़कड़ाती ठंड में किसान सड़कों पर बैठे हुए हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई नहीं कर रही है। बैठक में राजवीर पंवार, गोविंद लाल, दलबीर मलिक, सुधीर कटारिया, योगेश्वर दहिया और अमित पवार आदि भी मौजूद थे। ब्यूरो