गुरुग्राम। कोरोना संक्रमण के मामले में जिले की स्थिति अब सामान्य हो रही है। इसी क्रम में शनिवार को जिले में कोरोना के 88 नए मरीज आए जबकि 25 संक्रमितों को स्वस्थ घोषित किया गया। वहीं, करीब एक सप्ताह बाद शनिवार को जिले में एक मरीज की संक्रमण के चलते मौत भी हुई। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की कुल संख्या 57415 हो चुकी है, जिसमें से 56296 मरीजों को स्वस्थ घोषित किया जा चुका है।
संक्रमण के कारण अब तक जिले में 347 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। इसमें से 269 तो पहले से ही किसी न किसी बीमारी से पीड़ित थे जबकि 78 मरीजों की मौत की मुख्य वजह कोरोना संक्रमण ही रहा। अब जिले में उपचाराधीन कुल मरीजों की संख्या महज 772 रह गई है। इसमें भी 698 मरीज होम आइसोलेट है जबकि महज 75 संक्रमितों का ही अब विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पिछले करीब एक माह में कोरोना के मामले में जिले की स्थिति काफी बदल गई है। डेढ़ माह पहले तक जिले में रोजाना 600 से ज्यादा मरीज आ रहे थे, वहीं अब यह संख्या 100 से भी नीचे आ गई है। जिले के कोविड अस्पतालों में महज 3 मरीज ही उपचाराधीन हैं जबकि 68 मरीजों का जिला कोविड हेल्थ सेंटर में इलाज चल रहा है। वहीं, 3 मरीज कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं। शनिवार को जिले में कोविड जांच के लिए 4021 लोगों से नमूने लिए गए, जिसमें से 3363 लोगों की आरटी-पीसीआर व 658 की रैपिड एंटीजन जांच की गई। इसी के साथ जिले में कुल जांच की संख्या अब बढ़कर 692421 हो गई है।