रेप का बनाया वीडियो, शादी तय होते ही भेजा ससुराल
फरीदाबाद में बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा के साथ रेप और उसका अश्लील वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी अश्लील वीडियो का डर दिखा कर पीड़ित लड़की से पिछले एक महीने से जबरन शारीरिक संबंध बना रहा था।
जब आरोपी ने पीड़िता की शादी तय होने के बाद उसके ससुराल वालों के यहां भी आपत्तिजनक तस्वीरें भेज दी तो पीड़िता से रहा नहीं गया और उसने अपने घरवालों को पूरा सच बता दिया।
फरीदाबाद के सारन थाने में 18 वर्षीय पीड़िता ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी एक महीने से ज्यादा समय से उसे ब्लैकमेल कर रहा था और उसका शारीरिक शोषण कर रहा था।
हालांकि पुलिस ने अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 328 और 566 के तहत आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पानी में मिलाया था नशीला पदार्थ
पीड़िता बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा है जबकि उसके पिता दूध का व्यापार करते हैं। पीड़िता के मुताबिक 10 जनवरी को वह पास की एक कौलोनी में विरेंद्र के यहां दूध देने गई थी।
उस वक्त विरेंद्र का परिवार घर पर नहीं था। एक लड़के ने दरवाजा खोला और दूध लेने के बाद उसने पीड़िता को पीने के लिए पानी दिया।
पानी में पहले से ही नशीला पदार्थ मिला हुआ था जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालात में आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया।
विडियो बना करता रहा ब्लैकमेल
आरोपी ने आपत्तीजनक हालत में पीड़िता की तस्वीरें की उतारी और उसका वीडियो भी बनाया। होश में आने पर उसने लड़की को धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो वीडियो को वह इंटरनेट पर डाल देगा।
इसके बाद वह इस वीडियो और तस्वीरों के आधार पर लड़की को ब्लैकमेल करता रहा और कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अभी हाल ही में पीड़िता की शादी तय हो गई।
आरोपी को जैसे ही उसकी शादी की खबर मिली उसने लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरें उसके ससुराल वालों के यहां भी भेज दी। लगातार प्रताड़ित किए जाने के बाद जब मामला उसकी शादी तोड़ने पर पहुंच गया तो उसने पुलिस में शिकायत करने का फैसला किया।