UP: पिता ने बोर्ड एग्जाम की तैयारी के लिए कहा तो बेटे ने छोड़ा घर, 50 दिन बाद मिला, लड़के ने खुद बताई पूरी वजह
छात्र के अचानक घर से कहीं चले के बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन सब जगह तलाश करने के बाद भी जब वह नहीं मिला तो परिजनों ने मामले की शिकायत से की। पुलिस टीम ने काफी खोजबीन के बाद उसे ढंढ निकाला।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने सहबिस्वा कॉलोनी से करीब डेढ़ महीने पहले लापता हुए दसवीं के छात्र को हरियाणा सोनीपत से सकुशल बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने बोर्ड की परीक्षा की तैयारी के लिए कहा तो छात्र घर से फरार हो गया। छात्र को एक परिवार ने अपने पास रखकर उसका ख्याल रखा था।
सहबिस्वा कॉलोनी निवासी पिता ने बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा दसवीं कक्षा में पढ़ता है। 29 नवंबर को बेटे ने सोशल मीडिया पर गेम खेला था, जिसके कारण उनके खाते से पैसे कट गए थे। इस पर परिजनों ने छात्र को डांट दिया था।
डांट से नाराज होकर छात्र घर से चला गया था, काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने छात्र के गुम होने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। एसीपी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर छात्र की तलाश में पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने मंगलवार को छात्र को हरियाणा के सोनीपत से बरामद कर लिया। छात्र, सोनीपत में एक परिवार के साथ रह रहा था। छात्र ने बताया कि बोर्ड की परीक्षा की तैयारी भी नहीं थी, और खाते से पैसे निकलने पर पिता ने डांट दिया था। इसके चलते ही वह घर से फरार हो गया। छात्र के मिलने पर परिवार का चेहरा खुशी से खिल उठा। परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।