फरीदाबाद। अपराध शाखा, सेंट्रल की टीम ने सेक्टर-75 के पास एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल, नकदी व अन्य सामान लूटने के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई बाइक, लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया है।
आरोपियों में से दो को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया हैै। आरोपियों की पहचान बड़ौली गांव निवासी नवीन, एकता एन्क्लेव, गांव नीमका निवासी सागर, नचौली निवासी संजीव उर्फ संजू, डबुआ निवासी आकाश, पलवल के दीघौट निवासी रविन्द्र उर्फ दीपक और डीग बुराना गांव निवासी गोपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों में से दो रविन्द्र और आकाश को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है जबकि अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार सेक्टर-15ए निवासी पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि पांच-छह सितंबर की रात करीब 1:30 बजे वह कार से घर लौट रहा था। जब वह डिस्कवरी चौक से सेक्टर-75 की ओर जा रहा था, तभी गलत दिशा से आ रही एक टैक्सी ने उनकी कार के आगे अपनी गाड़ी रोक दी। टैक्सी चालक व उसके साथी ने गाली-गलौज शुरू कर दी थी। फोन करके अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और सभी ने उसके साथ मारपीट की। उसका मोबाइल, छह हजार रुपये और आधार कार्ड लेकर फरार हो गए थे। संवाद