{"_id":"67ee56f100da463df1086f58","slug":"faridabad-deputy-commissioner-s-office-received-a-bomb-threat-email-2025-04-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Faridabad: उपायुक्त कार्यालय को मिला बम की धमकी वाला ईमेल, जांच में नहीं मिला कुछ; आरोपी की तलाश में पुलिस","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Faridabad: उपायुक्त कार्यालय को मिला बम की धमकी वाला ईमेल, जांच में नहीं मिला कुछ; आरोपी की तलाश में पुलिस
Thu, 03 Apr 2025 03:07 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
अमर उजाला नेटवर्क, फरीदाबाद
Published by: विजय पुंडीर
Updated Thu, 03 Apr 2025 03:07 PM IST
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-12 स्थित उपायुक्त कार्यालय में ईमेल भेजकर कार्यालय के भवन लघु सचिवालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। गुरुवार सुबह कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तो ईमेल देखकर हैरान हो गए। सूचना पुलिस को दी गई तो बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, स्वाट, थाना पुलिस, अपराध शाखा व दमकल विभाग की टीमें यहां पहुंची। लगभग 4 घंटे तक लघु सचिवालय और अदालत परिसर को चेक करने के बाद इसे अफवाह करार दिया गया।
विज्ञापन
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बम की धमकी भरी ईमेल आई थी। टीमों ने चेक किया लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु वहां नहीं मिली। ये मामला गुरुवार सुबह लगभग साढ़े 8 बजे सामने आया। लघु सचिवालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय का स्टॉफ ऑफिस पहुंचने लगा। यहां ऑफिस की ईमेल खोलकर चेक की गई तो उसमें लघु सचिवालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरी एक ईमेल आई हुई थी। सूचना तुरंत अधिकारियों को दी गई। वहां से सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, स्वाट कमांडो टीम, थाना पुलिस व अपराध शाखा की टीमों को मौके पर भेजा गया।
विज्ञापन
टीमों ने सुबह 9 बजे तक ऑफिस बिल्डिंग को खाली कराकर परिसर को चेक करना शुरू किया। यहां 500 से अधिक कर्मचारियों को भवन से बाहर भेजा गया। सभी टीमों ने मिलकर पूरे ऑफिस परिसर की सघन चेकिंग की। दोपहर 1 बजे तक सभी टीमों ने लघु सचिवालय व अदालत परिसर को चेक किया। लेकिन इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जिसके बाद इसे महज अफवाह करार दिया गया।
विज्ञापन
जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि सुबह धमकी भरी ईमेल मिली थी। शहर में पुख्ता सुरक्षा के इंतजाम हैं। चेकिंग करने पर कोई ऐसी वस्तु नहीं मिली। ईमेल कहां से आई है, उसे चेक कराया जा रहा है। ये महज एक अफवाह थी। मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करा साइबर टीम से पता कराया जा रहा है कि ईमेल भेजने वाला कौन था।