सट्टेबाजी में हारा तो मांगी 5 करोड़ की रंगदारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने से हुए दो करोड़ के नुकसान की भरपाई के लिए रिएल एस्टेट कारोबारी से पांच करोड़ रुपये उगाही का प्रयास किया गया।
आरोपी ने कारोबारी को एसएमएस कर रकम नहीं देने पर पीड़ित के बेटे की हत्या करने की धमकी दी। राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने 24 घंटे बाद ही आरोपी को दबोच लिया जबकि उसके सहयोगी की तलाश जारी है।
सट्टेबाजी से जुडे़ इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस अब फिर से ऐसे मामलों की छानबीन में जुट गई है।
पार्टनरशिप में चलाते है क्लब
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रणवीर सिंह ने बताया कि राजौरी गार्डन निवासी मंजीत सिंह आनंद मर्चेंट नेवी के कैप्टन पद से रिटायर हैं। उनका दिल्ली व गुड़गांव के डीएलएफ में रियल एस्टेट का कारोबार है।
उनका बेटा प्रभजोत (23) पार्टनरशिप में एनएच-8 शिवमूर्ति के पास क्लब चलाता है। मंजीत ने शनिवार को शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें एसएमएस भेजकर पांच करोड़ रुपये मांगे गए हैं।
रुपये नहीं देने पर बेटे की हत्या की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मैसेज वाले फोन नंबर को सर्विलांस पर लगा दिया। इसके बाद रविवार को सुभाष नगर निवासी विनीत मॉकल (21) को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फोन बरामद कर लिया है।
बचपन का दोस्त है आरोपी
विनीत ने बताया कि आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान उसने सट्टेबाज संजीव उर्फ बॉबी के साथ मिलकर दो करोड़ रुपये का सट्टा लगाया था। इसमें नुकसान होने के बाद उसने संजीव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि विनीत मकान में ही कपड़े की दुकान चलाता है। साथ ही राजौरी गार्डन स्थित हैमर बार में उसकी पार्टनरशिप है। विनीत मंजीत के बेटे प्रभजोत का बचपन का दोस्त है।
प्रभजोत विनीत के भाई सुमित के साथ पार्टनरशिप में क्लब चलाता था। बाद में प्रभजोत ने हिस्सेदारी वापस ले ली थी। विनीत ने सुमित के हिस्से में आए 40 लाख को सट्टे में लगा दिया था, जिसमें उसे काफी नुकसान हुआ।
गन प्वाइंट पर कैशियर से 9.19 लाख लूटे
गुड़गांव में एक पेट्रोल पंप से कैश लेकर बैंक में जमा कराने जा रहे कैशियर को दिनदहाड़े गन प्वाइंट पर तीन बदमाशों ने लूट लिया। वहीं भीड़भाड़ के बीच हवाई फायरिंग करते व पिस्तौल लहराते हुए निकल गए। वारदात बैंक से चंद कदम की दूरी पर हुई।
पुलिस के अनुसार, एनएच आठ स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप का कैशियर अरविंद 9,19,300 रुपये लेकर निकला। उसे यह रकम सेक्टर-10 स्थित एचडीएफसी बैंक में जमा कराने थे। सुबह करीब 10.10 बजे बैंक से थोड़ी ही दूर युवकों ने आवाज देकर उसे रुकने का इशारा किया।
अरविंद जब तक समझ पाता तीन बदमाशों ने उसे घेरकर गन प्वाइंट पर ले लिया। उसके विरोध करने के बावजूद बदमाशों ने उसके हाथ से बैग छीन लिया और हवाई फायरिंग कर एक बाइक पर तीनों फरार हो गए। वारदात के तुरंत बाद अरविंद ने पंप मालिक और पुलिस को सूचना दी। काफी देर बाद पुलिस और सीआईए की टीम ने आकर मौका मुआयना किया।