UK Big News: छात्रसंघ चुनाव के दौरान बवाल, जीएसटी विभाग का छापा, रिश्वत लेते सर्जन गिरफ्तार, एएनएम की जलकर मौत
उत्तराखंड में आज छात्रसंघ चुनाव को लेकर उत्साह भी दिखा तो कहीं पर बवाल भी हो गया। उधर, जीएसटी विभाग का छापा और रिश्तखोरी का मामला भी चर्चा में रहा।
विस्तार
उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव: कहीं बवाल तो कहीं ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न, कॉलेजों में मतदान को लेकर दिखा उत्साह
उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव को लेकर मंगलवार को महाविद्यालयों में दिनभर गहमागहमी रही। कहीं मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा तो कहीं हंगामे और विवाद ने चुनावी माहौल को गरमा दिया। डीएवी पीजी कॉलेज में प्रत्याशियों के समर्थन में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बवाल हुआ, जिसके बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर ले गई। पढ़ें पूरी खबर
देहरादून: DAV पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में बवाल, प्रत्याशियों को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेसी गिरफ्तार
डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान आज मंगलवार को प्रत्याशियों को समर्थन देने पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ बवाल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने वरिष्ठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, छात्रसंघ चुनाव में मतदान के लिए कॉलेज पहुंच रहे छात्रों के प्रवेश पत्रों की गेट पर जांच की गई। पढ़ें पूरी खबर
हल्द्वानी एमबीपीजी कालेज में छात्रसंघ मतदान जारी: दस बजे तक 2.20% वोटिंग; मारपीट के आरोप से बढ़ी हलचल
हल्द्वानी एमबीपीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर गहमागहमी है। सुबह दस बजे तक कुल 2.20 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें छात्राओं का 1.5 प्रतिशत और छात्रों का 3.15 प्रतिशत मतदान रहा। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला है। इस बीच एबीवीपी प्रत्याशी ने कालेज में घुसकर वोट देने आए छात्र से मारपीट का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी लेने एसपी सिटी मनोज कत्याल मौके पर पहुंचे। वहीं, एसडीएम मोनिका ने भी कालेज पहुंचकर प्राचार्य से जानकारी ली। पढ़ें पूरी खबर
उत्तरकाशी: मोरी के आराकोट में देर रात पुराने स्वास्थ्य भवन में लगी भीषण आग, सेवानिवृत्त एएनएम की जलकर मौत
मोरी प्रखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आराकोट के पुराने भवन में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से पूरा भवन जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से वर्षों से भवन में रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पढ़ें पूरी खबर
उत्तरकाशी रेस्क्यू: फंसे 22 पर्वतारोहियों को आज निकाला गया, दो दिन में 60 सुरक्षित पहुंचे हर्षिल, अभियान जारी
उत्तरकाशी जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में फंसे पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी है। आज मंगलवार को सुबह से चलाए गए अभियान में कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 10, सतोपंथ बेस क्षेत्र से चार और जोगिन-I पास बेस क्षेत्र से आठ सदस्यों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इस तरह सुबह 11:15 बजे तक कुल 22 सदस्यों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। पढ़ें पूरी खबर
कोटद्वार में उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (यीटीईटी) के दौरान दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का मामला सामने आया है। परीक्षा केंद्र पर जांच के दौरान एक युवक को फर्जी परीक्षार्थी के रूप में पकड़ा गया। एसडीएम कोटद्वार संदीप कुमार के निर्देशन में आधा घंटा तक चली पूछताछ और जांच पड़ताल में यूटीईटी परीक्षा में काशीपुर के परीक्षार्थी विशाल कुमार के स्थान पर उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नगीना निवासी युवक हिमांशु परीक्षा देते हुए पाया गया। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर
हरिद्वार: जीएसटी विभाग की कार्रवाई, पूर्व मेयर अनीता शर्मा के होटल पर मारा छापा, कागजात खंगाले जा रहे
हरिद्वार में जीएसटी विभाग की टीम ने पूर्व मेयर अनीता शर्मा के होटल पर छापा मारा। मंगलवार को विभाग की टीम हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित होटल अशोका पहुंची। टीम के होटल में पहुंचते ही वहां जांच की कार्रवाई शुरू की गई। पढ़ें पूरी खबर
उत्तराखंड: रुद्रप्रयाग में दिव्यांगता प्रमाणपत्र के नाम पर पांच हजार की रिश्वत, ऑर्थोपेडिक सर्जन गिरफ्तार
रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन को विजिलेंस ने पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने एक व्यक्ति से दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने के एवज में रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और मंगलवार को अस्पताल में कार्रवाई की। इसी दौरान डॉक्टर को शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। पढ़ें पूरी खबर