गर्मी का तांडव: पूरे देश में हिसार और दिल्ली सबसे गर्म, 49.2 डिग्री सेल्सियस पहुंचा अधिकतम पारा, जानें- कब से मिलेगी राहत
हरियाणा के हिसार, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, जींद व रोहतक जिलों में रविवार को पारा 47.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूरा प्रदेश करीब एक हफ्ते से भीषण गर्मी की चपेट में है। लू के थपेड़ों के साथ ही रविवार को हरियाणा के आठ जिलों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं हिसार के बालसमंद और दिल्ली के मुंगेशपुर में दिन का तापमान 49.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक रहा। इससे पहले 1998 में हिसार में अधिकतम तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इससे पहले का रिकॉर्ड था। हालांकि दोपहर बाद हवाओं के बदलाव की वजह से हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर आंशिक बादलवाही देखने को मिली।
मौसम विभाग ने 16 मई से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के साथ-साथ लू से राहत मिलने की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विभाग के नारनौल स्थित सब सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में प्रवेश कर चुके कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से दक्षिणी पंजाब और उत्तरी राजस्थान पर प्रेरित चक्रवातीय परिसंचरण बनने जा रहा है। इसके असर से हवाओं की दिशा दक्षिणी-पूर्वी हो जाएगी।
16 मई से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से प्रदेश के ज्यादातर भागों में लू से राहत मिलेगी। 16 व 17 मई को हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र व करनाल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने साथ ही साथ गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की भी संभावना है।
वहीं दक्षिणी-पश्चिमी जिलों में आंधी व अंधड़ चलेंगी। इसके अलावा अधिकतर स्थानों पर हवाओं के बदलाव और विपरीत हवाओं के मिलन से आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी। वर्तमान में मौसम प्रणाली से एक-दो दिन की राहत मिलने के बाद एक बार फिर से भीषण गर्मी रफ्तार पकड़ेगी। मगर 20 मई से 23 मई तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर राहत की बारिश होने की प्रबल संभावनाएं बन रही हैं।
उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भीषण गर्मी और प्रचंड लू ने लोगों का जीना बेहाल कर दिया है। हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान लगातार 45.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। प्रदेश के जिन आठ जिलों में रविवार को पारा 47.0 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है उनमें हिसार, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, जींद व रोहतक शामिल हैं।
मैदानी राज्यों राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली में जारी भीषण गर्मी और लू का दौर अभी अगले 24 घंटों तक जारी रहेगा। इस वजह से भारतीय मौसम विभाग ने हरियाणा के पश्चिमी दक्षिणी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है और शेष हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी है। भीषण गर्मी की प्रमुख वजह पश्चिमी राजस्थान पर ऊपरी वायुमंडलीय स्तरों पर एक प्रति चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, जिसकी वजह से मरुस्थलीय पश्चिमी शुष्क और गर्म हवाओं का सीधा प्रभाव मैदानी राज्यों राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर व उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है। इसके अलावा कोई प्रभावी मौसम प्रणाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हो रहा है, जिसकी वजह से गर्मी अपना तांडव दिखा रही है।
रविवार को अधिकतम तापमान की स्थिति (डिग्री सेल्सियस में)
- बालसमंद, हिसार- 49.2
- सिवानी, भिवानी- 48.8
- सिरसा एडब्ल्यूएस- 48.6
- गुरुग्राम- 48.1
- रोहतक एडब्ल्यूएस- 47.7
- नारनौल -47.5
- जींद- 47.3
- हिसार- 47.3
- सोनीपत- 47.2
- झज्जर- 47.1
- फतेहाबाद- 47.0
- पेहवा, कुरुक्षेत्र- 45.9
- कौल, कैथल- 44.7