तैयार रहें, इन गर्मियों में भी लोगों को झेलनी पड़ेगी पानी की किल्लत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तापमान बढ़ने के साथ ही शहर के कई सेक्टरों में ऊपर की मंजिलों में पानी के लो प्रेशर की दिक्कत शुरू हो गई है। इस गर्मी में शहरवासियों को पिछले सालों के मुकाबले में ज्यादा पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि चंडीगढ़ ने अपने हिस्से में से छह एमजीडी पानी पंचकूला को देना शुरू कर दिया है।
दूसरी तरफ चंडीगढ़ प्रशासन, सांसद, मेयर और जनप्रतिनिधियों के दावों के विपरीत कजौली वाटर वर्क्स के पांचवें और छठें फेज से 40 एमजीडी पानी की सप्लाई इस गरमी तक मिलने की संभावना दूर दूर तक नजर नहीं आ रही क्योंकि इन दोनाें फेज से पानी लाने के लिए जंडपुरा से सेक्टर-39 वाटर वर्क्स तक पाइप डालने का काम तो दूर उसके लिए टेंडर भी अलाट नहीं हुआ है।
जबकि नगर निगम ने इसके लिए 98 करोड़ की एफडी तोड़कर पंजाब सरकार को भुगतान किया है। पंजाब अभी अपना काम पूरा नहीं कर पाया है। ऐसे में शहर को अभी अगले दो साल तक इन दो नए फेज से पानी मिलने की उम्मीद नहीं है। इन दो नए फेज से पानी मिलने की उम्मीद में नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कोई ऐसा कदम नहीं उठाया गया है कि शहर में इस बार पानी की खपत और लो प्रेशर की दिक्कत दूर हो सके। शहर की इस समय जनसंख्या करीब 12 लाख है जबकि दो लाख लोग प्रतिदिन पंचकूला और मोहाली जिले से आते हैं और शहर का पानी पीते हैं।
116 एमजीडी पानी की है मांग
गर्मी में शहर में पानी की मांग 116 एमजीडी हो जाती है। इस समय शहर को कजौली वाटर वर्क्स से 58 एमजीडी पानी मिल रहा है, जबक शहर में लगे 235 ट्यूबवेल से 22 एमजीडी पानी मिल रहा है, जिनमें से 20 प्रतिशत ट्यूबवेलों में हर दिन कोई न कोई दिक्कत रहती है। गर्मी में 36 एमजीडी पानी की शार्टेज होती है जो इस साल भी रहेगी। तीन साल पहले तक शहरवासियों को दोपहर को भी पानी की सप्लाई होती थी, लेकिन कमी के कारण इस सप्लाई को बंद कर दिया गया ताकि लोगों को फुल प्रेशर से सुबह और शाम को पानी मिल सके। लेकिन इस योजना का भी फायदा नहीं मिल रहा है।
हेल्पलाइन पर पानी की किल्लत की शिकायत दर्ज करवाएं
जनस्वास्थ्य विभाग की प्लानिंग
. सुबह पानी की सप्लाई कजौली वाटर वर्क्स से एक घंटा पहले ढ़ाई बजे छोड़ी जाएगी ताकि 4 बजे तक लोगों की छतों तक पानी स्टोर हो जाए
. पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ 15 अप्रैल से अभियान चलाकर उनके चालान काटे जाएंगे
. लोगों को अपने बगीचों की सिंचाई के लिए टरशरी वाटर कनेक्शन लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। नए बायलाज के अनुसार नगर निगम ने एक कनाल से लेकर ऊपर तक के घर के लिए कजौली वाटर वर्क्स का कनेक्शन लेना जरूरी कर दिया है।
इन एरिया में सबसे ज्यादा दिक्कत: सेक्टर-7,15,16,18,20,21,24,25,26,27,29,30,32,37,38,39,40,42,44,45,47,49,52 और 61 में लगातार पानी के लो प्रेशर की दिक्कत झेलनी पड़ रही है। यहां तक कि जिन एरिया में बूस्टर भी लगे हुए हैं, वहां पर भी पानी के लो प्रेशर की दिक्कत आ रही है। इसके साथ ही मनीमाजरा, धनास, बापूधाम, मलोया और गांवों में पानी के लो प्रेशर की दिक्कत आनी शुरू हो गई है। लोगों को खुद पानी चढ़ाना पड़ रहा है।
इस नंबर पर फोन कर सकते है शहरवासी: नगर निगम की ओर से पानी की किल्लत की शिकायत दर्ज करवाने के लिए 155304 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर सुबह 8 से शाम 8 बजे तक शहरवासी फोन कर सकते है। इस नंबर पर फोन करके शहरवासी अपने घर पर पानी का टैंकर भी मंगवा सकते हैं।
ठंडे पानी का कूलर खराब: गर्मी शुरू होते ही दमकल विभाग की परेशानी शुरू हो गई है। सेक्टर-17 के फायर स्टेशन में ठंडे पानी का कूलर पिछले साल से खराब पड़ा है। पिछली गर्मियों में भी यह कूलर ठीक नहीं कराया गया था। कर्मचारियों का कहना है कि विभाग को कई बार कूलर ठीक करवाने के लिए कहा गया है, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ रहा है।
वीरेंद्र चौधरी, चीफ फायर अफसर ने बताया कि सेक्टर-17 ही नहीं बल्कि शहर के सभी फायर स्टेशनों में नए ठंडे पानी के कूलर लगा दिए जाएंगे।
मुकेश आनंद, चीफ इंजीनियर ने बताया कि गर्मी में पानी की खपत बढ़ जाती है। मुख्य वाटर वर्क्स से पानी की सप्लाई सुबह जल्दी शुरू कर दी जाएगी ताकि लोगों के सुबह उठने से पहले उनकी टंकियों में पानी स्टोर हो जाए। कई बार मांग बढ़ जाने के कारण ग्राउंड फ्लोर पर पानी की सप्लाई शुरू हो जाती है तो ऊपर की मंजिल में रहने वालों को लो प्रेशर का सामना करना पड़ता है। जहां- जहां से शिकायतें मिलेंगी, उन्हें प्रमुखता से दूर किया जाएगा।