पंजाब में 2 सड़क हादसे, 7 लोगों ने दम तोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में पिछले 24 घंटे में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में 3 छात्रों सहित 7 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 4 लोग एक ही परिवार के है।
पहला हादसा, पठानकोट जिले में जम्मू-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव इस्लामपुर के पास हुआ। यहां बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार लोग तेजरफ्तार ट्राले की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में दंपति और उनके दो बच्चे शामिल हैं।
उधर, हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान दीनानगर (गुरदासपुर) के गांव कोठे भीम सेन निवासी यशपाल (35), उसकी पत्नी कमलेयल (30) और तीन वर्षीय पुत्र लव और एक वर्षीय कुश के रूप में हुई है।
यशपाल दीनानगर में ही मोटर मैकेनिक के तौर पर काम करता था। बताया जाता है कि वे बाइक पर सवार होकर सुजानपुर में अपने किसी रिश्तेदार से मिलने गए थे।
देर शाम को वापस घर लौटने के दौरान गांव इस्लामपुर के पास हाईवे पर पीछे से आ रहे ट्रॉला नं.-पीबी-03-एक्स-3383 ने बाइक नं. पीबी-35-जे-4849 को चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों मासूमों और दंपति की मौत हो गई।
सुजानपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया घटना से संबंधित ट्राले को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक फरार है।
तेज स्पीड ने ली तीन छात्रों की जान
दूसरा हादसा, होशियारपुर में हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुकेरियां के पास हुई सड़क दुर्घटना में आल्टो कार सवार बारहवीं के तीन छात्रों की मौत हो गई। स्पीड तेज होने के कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर दूसरी साइड पर जाकर सामने से आ रही एक निजी कंपनी की बस के साथ टकरा गई।
मृतकों की पहचान गौतम कुमार पुत्र नरिंदर कुमार निवासी नहर कालोनी, अनमोल कुमार पुत्र अशोक कुमार और जतिन पुत्र अनिल कुमार निवासी पुरानी तहसील कालोनी मुकेरियां के तौर पर हुई है। तीनों बारहवीं के छात्र थे। रविवार रात को तीनों घर से बाजार जाने के लिए निकले थे।
इसके बाद वे गाड़ी लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दसूहा की ओर निकल गए। मुकेरियां-दसूहा रोड पर तेजी से गाड़ी भगा रहे थे कि गाड़ी अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के दूसरी साइड पर चली गई और सामने से आ रही एक निजी बस से टकरा गई।
हादसे में कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई और तीनों युवक उसमें फंस गए। सूचना पाकर मुकेरियां पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों छात्रों को कार से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।