'ड्रग्स के धंधे में शामिल हैं 2 मंत्री और 3 विधायक'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के पूर्व डीजीपी शशिकांत ने ड्रग तस्करी में कथित तौर पर शामिल पंजाब के दो मंत्रियों और 3 विधायकों के नामों का खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि इनमें कांग्रेस का एक विधायक भी शामिल है।
यहां एक प्रेस वार्ता में उन्होंने दावा किया कि उन्होंने ड्रग ट्रेड में शामिल ऐसे 98 नेताओं की सूची मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल को सौंप दी थी, लेकिन बादल ने उन्हें नसीहत दे डाली, ‘ऐदाँ दे कॅम तुसी ना करिया करो’। पूर्व आईपीएस का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने यह रिपोर्ट दबा ली थी। शशिकांत ने मीडिया के सामने दावा किया कि उन्होंने तब नशा तस्करों के खिलाफ एक रिपोर्ट तैयार की थी।
मंत्रियों पर कार्रवाई होने से रूकवाई थी बादल ने
इसमें पंजाब के दो मंत्रियों गुलजार सिंह रणीके और अजीत सिंह कोहाड़, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के भतीजे जिम्मी कालिया, दो अकाली विधायकों वीर सिंह लोपोके और विरसा सिंह वल्टोहा के अलावा कांग्रेसी विधायक ओपी सोनी का भी नाम था।
चार पेज की इस सूची को उन्होंने सीएम प्रकाश सिंह बादल को सौंपा था। इसके बाद बादल ने उलटा उनको ऐसे काम न करने की नसीहत दे डाली थी। उन्होंने कहा कि नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो ने रणीके के घर पर छापे की तैयारी कर ली थी, लेकिन उस समय बादल ने उन्हें बुला कर कहा था कि अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके मंत्री के घर छापा पड़ने की कार्रवाई रुकवाएं। शशिकांत ने दावा किया कि उन्होंने अपने रसूख का इस्तेमाल कर मंत्री के घर पड़ने वाले छापे को रुकवा दिया था।
पूर्व डीजीपी ने बताया, जान को है खतरा
शशिकांत ने कहा कि उनकी जान को ख़तरा है। इसलिए उन्होंने इस सूची के अलावा पुख्ता सबूत अपने वकील को दे दिए हैं। उससे कहा है कि यदि उन्हें कुछ हो जाए, तो वह इस सूची को सबूतों के साथ सार्वजनिक कर दें। उल्लेखनीय है कि शशिकांत ने नशा व्यापार में शामिल नेताओं की सूची पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में भी दी थी। उन्होंने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की थी, जो स्वीकार नहीं की गई।
जेल के अंदर खुलेआम स्मैक बिक रही है
शशिकांत ने कहा कि उन्हें जब पंजाब का डीजीपी जेल बनाया गया, तो उन्होंने जेलों का दौरा कर पाया कि अंदर खुलेआम स्मैक बिक रही है। कपूरथला जेल में ही रोजाना एक किलो स्मैक बिक रही थी। जेलों में आधे से अधिक कैदी नशा के आदी बन चुके थे। पंजाब की जेलों में रोजाना 70 करोड़ रुपये की स्मैक उस वक्त बिक रही थी। इसको गंभीरता से लेकर एसडीएम कोटकपुरा से एक रिपोर्ट तैयार करवाई थी। इसमें पाया गया कि जेलों में बंद 85 फीसदी कैदी नशे के आदी हैं।
पंजाब की जवानी नशे के दलदल में
शशिकांत ने कहा कि एक बार पंजाब में चालकों ने बादल परिवार की ऑरबिट बसों को रोक लिया था। इसके बाद सीएम प्रकाश सिंह बादल ने मुझको हुक्म जारी किया था कि जिन चालकों ने उनकी बसों को रोका है, उन पर अफीम और नशा डालकर जेलों में बंद कर दो। यह हुक्म मेरे लिए बेहद चौंकाने वाला था। शशिकांत ने कहा कि जब मैं सर्विस में था, तब मैं मजबूर था, लेकिन अब मेरी आत्मा रोज मुझे कोसती है। मेरा जमीर मुझे झकझोरता है कि इतने समय तक चुप क्यों रहा? पंजाब की जवानी नशे के दलदल में धंस चुकी है।