नई पहल: अब ऑन द स्पॉट चालान का भुगतान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब आपको चालान के भुगतान के लिए कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और न ही चालानिंग ब्रांच में लंबी लाइन में लगकर इंतजार करना होगा। ट्रैफिक पुलिस ने ऑन द स्पॉट चालान के भुगतान के लिए ई-पेमेंट का प्रपोजल प्रशासन को भेजा है। प्रशासन की हरी झंडी के बाद इसे पूरे शहर में लागू कर दिया जाएगा। फिर चालान पर आप डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से चालान का भुगतान कर सकेंगे। यातायात विभाग इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को स्वैप मशीनें मुहैया करवाएगा।
ऐसे होगा ई-पेमेंट
अगर ट्रैफिक नियम के उल्लंघन पर पुलिस आपको रोकती है, तो पहले चालक के चालान वाले कार्ड को मशीन में स्वैप करके उसका चालान अंकित किया जाएगा। इसके बाद ट्रैफिक चालानिंग ब्रांच से उसका डाटा और किस चीज पर कितने का चालान हुआ वह रजिस्टर्ड हो जाएगा। इसके बाद व्यक्ति अपने क्रेडिट या डेबिट कार्ड को वहीं पर ट्रैफिक पुलिस की स्वैप मशीन में स्वैप करके चालान का भुगतान कर सकेगा।
ये आती है समस्या
सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक लाइन में चालान के भुगतान के लिए दो सर्विस काउंटर बनाए गए हैं। लोग वहां जाकर लंबी लाइन में लगने के बाद चालान भुगतान करते हैं। हालांकि इसमें कभी-कभी चालान भुगतान करने वाले को कोई जरूरी काम होने या किसी अन्य समस्या के बाद निर्धारित तिथि में चालान भुगतान न होने पर केस जिला अदालत में चला जाता है। इसके बाद लोगों को जिला अदालत से चालान भुगतान करके अपने कागजात छुड़ाने पड़ते हैं। अब चालान भुगतान करने वालों को ऐसी समस्या से निजात मिल जाएगा।
चालानिंग ब्रांच भी होगी हाइटेक
ट्रैफिक पुलिस ने चालान भुगतान के लिए पांच नए काउंटर लगाने की भी प्रशासन से सिफारिश की है। इसके साथ मार्च अंत तक सेक्टर-29 स्थित चालानिंग ब्रांच में एटीएम की सुविधा भी कर दी जाएगी। यहां पर भी चालान भुगतान वाली प्रणाली को भी ई-पेमेंट के जरिए हाइटेक बनाया जाएगा।
बाहरी वाहन चालक करते हैं कैश पेमेंट
चंडीगढ़ में ई-पेमेंट लोगों के लिए एक बड़ी राहत की बात होगी। यह सुविधा ट्राइसिटी के लोगों के लिए पहली बार होगी। हालांकि ट्राइसिटी के बाहर से आने वाले वाहन चालक कैश पेमेंट करके चालान का भुगतान मौके पर ही कर सकते हैं, लेकिन ई-पेमेंट की सुविधा से और आसानी हो जाएगी। अभी तक ट्राइसिटी की गाड़ियों के चालान का भुगतान सेक्टर-29 स्थित चालानिंग ब्रांच में ही जमा होता है।
रोजाना करीब 800 चालान
शहर में ट्रैफिक पुलिस रोजाना करीब 800 वाहनों का चालान करती है। इसमें सबसे ज्यादा चालान ड्राइविंग के समय मोबाइल पर बात करने और फिर विदाउट हेलमेट का होता है। इसके साथ ट्रैफिक पुलिस समय-समय पर नाके भी लगाती है।